Headlines

घोड़ेला के 'नकली कांग्रेस' बयान पर जेपी का पलटवार:हिसार में बोले-जनता ने बार-बार जिताकर मेरी हैसियत बताई, मेरे आशीर्वाद से एक बार जीता




हिसार में पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला के ‘नकली कांग्रेस’ वाले बयान पर सांसद जयप्रकाश (जेपी) ने बिना नाम लिए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि एक बार तो कोई भी जयप्रकाश के आशीर्वाद से जीत सकता है, लेकिन क्या दोबारा जीतने का मौका मिला? उन्होंने कहा कि कुछ लोग एक बार जीतने के बाद दोबारा जनता का विश्वास हासिल नहीं कर पाए। ऐसे लोग अब बयानबाजी कर रहे हैं। जेपी ने कहा कि राजनीति में हर व्यक्ति की अपनी हैसियत होती है और जनता सब जानती है कि कौन क्या है। अपनी राजनीतिक उपलब्धियां गिनाते हुए सांसद जयप्रकाश ने कहा कि हिसार की जनता ने उन्हें 4 बार सांसद और एक बार विधायक बनाया। उनके भाई को भी विधायक चुना गया और अब कलायत की जनता ने उनके बेटे विकास को विधायक बनाया है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी छवि खराब होती तो जनता उन्हें बार-बार मौका क्यों देती? जनता के फैसले से ही पता चलता है कि किसकी राजनीति और छवि कैसी है। वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा और चुनाव आयोग को घेरा वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए जेपी ने आरोप लगाया कि हरियाणा में भाजपा की सरकार वोट चोरी के जरिए बनी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने करीब सवा साल पहले ही हरियाणा और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे और इसके समर्थन में उदाहरण व सबूत जनता के सामने रखे थे। जेपी ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिए विपक्षी दलों के समर्थकों के वोट काटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधते हुए इस्तीफे की मांग की। जेपी ने कहा कि विपक्षी नेताओं को चुनाव आयोग के सामने अपनी बात रखने और ज्ञापन देने का अवसर नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को प्रदर्शन के दौरान अलग-अलग जगहों पर रोका गया। छात्रों पर बल प्रयोग का मुद्दा उठाया जेपी ने छात्रों के प्रदर्शन, पेपर लीक और रोजगार के मुद्दों पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल किसके आदेश पर किया गया और आंसू गैस क्यों चलाई गई। उन्होंने दावा किया कि पैलेट लगने से एक छात्र की आंख को नुकसान पहुंचा और अन्य छात्रों को भी चोटें आईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, व्यापारियों और युवाओं के मुद्दों पर संघर्ष कर रहे हैं। घोड़ेला के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जेपी ने कहा कि वह व्यक्तिगत टिप्पणियों पर ज्यादा चर्चा नहीं करना चाहते। जनता सब जानती है और समय आने पर अपना फैसला भी सुना देगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *