Headlines

ट्रक से भिड़ी डिजायर-बोलेरो से टकराई मां-बेटे की मौत:बलरामपुर से चीनी मिल मैनेजर डायलिसिस कराने लखनऊ जा रहे थे, बहू गंभीर घायल




बलरामपुर में स्विफ्ट डिजायर की ट्रक से टक्कर में कार सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद डिजायर अनियंत्रित होकर सड़क पर जा रही बोलेरो से भी टकरा गई। तीनों वाहनों की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि डिजायर सवार और उनकी मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी गंभीर घायल हो गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। मृतकों की पहचान श्यामनारायण (45) मां कैलाशी देवी (60) के रूप में हुई है। बताया गया कि श्यामनारायण तुलसीपुर चीनी मिल में केन मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह मां की डायलिसिस कराने पत्नी के साथ लखनऊ जा रहे थे। हादसा कोतवाली नगर क्षेत्र में बलरामपुर-तुलसीपुर मार्ग पर मेवालाल पुलिस चौकी से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर हुआ। देखें 2 तस्वीरें…
अब विस्तार से जानें पूरा मामला… जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर तुलसीपुर चीनी मिल कॉलोनी निवासी श्यामनारायण (45) मां कैलाशी देवी (65) पत्नी वंदना (40) के साथ रहते थे। उनका एक बेटा सत्यम (16) है जो लखनऊ में 11वीं की पढ़ाई कर रहा है। हादसा 4 किलोमीटर दूर बाला जी गैस सर्विस के पास हुआ। बुधवार सुबह 7 बजे श्यामनारायण मां की डायलिसिस कराने के लिए स्विफ्ट डिजायर UP 32 LQ 6166 से लखनऊ जा रहे थे। साथ में पत्नी वंदना भी थी। कार श्यामनारायण स्वयं चला रहे थे। इसी दौरान बलरामपुर-तुलसीपुर मार्ग पर मेवालाल पुलिस चौकी के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक से टकराकर बोलेरो से जा भिड़ी। हादसे में शामिल बोलेरो नौगढ़ के दूल्हा कोठी से लखनऊ जा रही थी। बताया गया कि बोलेरो में सवार लोग दवा लेने के लिए लखनऊ जा रहे थे। वाहन में प्रकाश,राम सिंह,रामरतन और चंद्रभान समेत अन्य लोग सवार थे।बोलेरो चालक की पहचान राजेश के रूप में हुई है। बोलेरो चालक राजेश के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर आगे चल रही थी। बालाजी गैस एजेंसी के पास अचानक डिजायर अपनी दिशा से हटकर सामने से आ रहे ट्रक की ओर चली गई। इसी दौरान कार का स्टीयरिंग अचानक घूम गया और ट्रक से टकराने के बाद डिजायर उनकी बोलेरो से भी जा भिड़ी। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्विफ्ट डिजायर चला रहे श्यामनारायण को संभवतः झपकी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा, जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। दोनों के शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल वंदना चौधरी को डॉक्टरो ने बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया है। हादसे के बाद बलरामपुर-तुलसीपुर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। एक ही परिवार के मां-बेटे की मौत और बहू के गंभीर रूप से घायल होने की इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुलिस अब हादसे के कारणों की पड़ताल में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *