![]()
सीकर में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- ढाई साल पहले मेरे 16 लाख फॉलोअर्स थे और आज भी उतने ही है। एक भी नहीं बढ़ा, ऐसा नहीं हो सकता। पांच कम हो सकते हैं या ज्यादा हो सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मुझे ढाई साल पहले ही ब्लॉक कर दिया था। सीकर में रविवार को कांग्रेस पार्टी ने “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान डोटासरा ने यह कहा। डोटासरा ने कहा- ऐसा देश के हर उस नौजवान, मीडिया के साथ होगा, जो इनके खिलाफ लिखेगा। अभी केवल रीच कम कर रहे हैं, आगे जेलों में भी डालेंगे और मुकदमे भी लगाएंगे। इसी को अघोषित आपातकाल कहते हैं। इसी को लोकतंत्र खत्म करने की बात कहते हैं। सीकर में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और NTA भंग करने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया गया। मशाल जुलूस तमन्ना परिसर से शुरू होकर उद्योग नगर पुलिस थाने के सामने पहुंचा। इस कार्यक्रम में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित बड़ी संख्या में युवा और पार्टी के लोग मौजूद रहे। लोकतंत्र और संविधान बचाने के हित में आंदोलन गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- कांग्रेस पार्टी हर उस आंदोलन का हिस्सा है, जो स्टूडेंट के हित में है और देश हित में है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने के हित में है। विपक्ष का मतलब यही होता है कि सरकार की गलत नीतियों का विरोध करे। डोटासरा ने कहा- जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक धरना दे रहे थे तो कहां दिक्कत आ रही थी। दिल्ली के पुराने कमिश्नर ने सोनम वांगचुक को धरने से हटाने के लिए सरकार को मना कर दिया था। उन्होंने कहा कि यह असंवैधानिक काम मैं नहीं करूंगा। ऐसे में उन्हें रात को हटाया गया और उनकी जगह दूसरा कमिश्नर आया। इसके बाद सोनम वांगचुक को धरने से हटकर हॉस्पिटल में एडमिट करवा दिया गया। डोटासरा बोले- क्या सरकार वांगचुक से बातचीत नहीं कर सकती थी। जब हमारी सरकार थी तो पांच-पांच मंत्री आंदोलनकारी से मिलने के लिए जाते थे। तब जवाबदेही भी होती थी, लेकिन यहां पर वह भी नहीं है। लगातार पेपरलीक हुए, यूनिवर्सिटी में पेपर के साथ आंसरशीट दी जा रही है। सरकार केवल यही चाहती है कि लोगों को दबाकर सत्ता पर काबिज हो। राहुल गांधी के कार्यक्रम को नहीं दी परमिशन विनोद जाखड़ ने कहा- राजस्थान में धांधली से भर्ती परीक्षा होती हैं और फिर वह कोर्ट में अटक जाती हैं। देश में जहां भी भाजपा सरकार है, वहां स्टूडेंट्स सड़कों पर हैं। विनोद जाखड़ ने कहा- जब देहरादून में राहुल गांधी स्टूडेंट्स से बात करने के लिए जाने वाले थे, तब उनके कार्यक्रम को रोकने के लिए बड़े ग्राउंड की परमिशन नहीं दी। उन्हें पता था कि 6 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन दो दिन में हो चुके हैं। जिस दिन राहुल गांधी का प्रोग्राम था, उसी दिन वहां एक सेलिब्रिटी को बुलाकर सरकारी खर्च पर नाच-गाना करवाया गया।
Source link
डोटासरा बोले- ढाई साल पहले 16 लाख फॉलोअर्स,आज भी उतने:कहा- मुझे ढाई साल पहले ही ब्लॉक कर दिया था; आगे जेल में भी डालेंगे
