Headlines

तरनतारन में धान खरीद में हो रही दिक्कत:मंडी सचिव से मिले किसान संगठन, ट्रालियों की एंट्री और बारदाने की समस्या पर हुई चर्चा




धान खरीद सीजन के दौरान तरनतारन जिले की मंडियों में किसानों को आ रही समस्याओं को लेकर किसान संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने मार्केट कमेटी तरनतारन के सचिव हरदीप सिंह से मुलाकात की। इस दौरान किसान नेताओं ने ट्रॉलियों की एंट्री, धान में नमी, बारदाने, बारिश से फसल बचाने के लिए तिरपाल और बुनियादी सुविधाओं जैसे कई मुद्दे उठाए। आजाद किसान संघर्ष कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष निरवैल सिंह, उपाध्यक्ष भूपिंदर सिंह और किसान संघर्ष कमेटी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष हरजीत सिंह व जिला अध्यक्ष परमजीत सिंह ने बताया कि धान खरीद के दौरान किसानों को होने वाली दिक्कतों पर मार्केट कमेटी सचिव के साथ विस्तार से बात हुई। एंट्री के समय को लेकर हो रही परेशानी किसानों को मंडियों में ट्रॉलियों की एंट्री के समय को लेकर परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि दोपहर 12 बजे तक ट्रॉलियों की एंट्री की मौजूदा समय-सीमा को बढ़ाया जाए। इससे किसानों को बेवजह की दिक्कत से बचाया जा सकेगा। इसी तरह, धान में नमी की मात्रा, बारदाने की कमी और बारिश से फसल बचाने के लिए तिरपालों के सही इंतजाम का मुद्दा भी उठाया गया। किसान नेताओं ने कहा कि मंडियों में रखी फसल को बारिश से बचाने के लिए पहले से ही जरूरी इंतजाम होने चाहिए। इसके अलावा, मंडियों में किसानों के लिए पीने के साफ पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। किसान नेताओं ने बताया कि धान का सीजन किसानों के लिए बहुत अहम है। इस दौरान मंडियों में खरीद, तौल और लिफ्टिंग के इंतजाम ठीक से चलने चाहिए। मार्केट कमेटी के सचिव हरदीप सिंह ने भरोसा दिया कि तरनतारन जिले की मंडियों में किसानों की समस्याओं का जल्द हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धान खरीद के दौरान किसानों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर किसान संघर्ष कमेटी के नेता प्रदीप सिंह, भूपिंदर सिंह, दिलबाग सिंह, जतिंदर सिंह, जगतार सिंह और तरसेम सिंह भी मौजूद थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *