Headlines

ताराटांड़ के जंगल में साइबर ठगी की साजिश नाकाम:फर्जी APK से ठगी करने वाले 5 गिरफ्तार; 10 मोबाइल, 13 सिम और बाइक बरामद




गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ताराटांड़ थाना क्षेत्र से पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। एसपी डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि ताराटांड़ थाना क्षेत्र के मिडिल स्कूल ताराटांड़ के पीछे जंगल में कुछ साइबर अपराधी सुनियोजित तरीके से ठगी की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर छापेमारी कर पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ‘customersupport.apk’ और ‘wiflairtel.apk’ नामक फर्जी APK फाइल लोगों के मोबाइल में भेजकर साइबर ठगी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों में जनार्दन मंडल (26), अशोक कुमार (24), बबलू कुमार मंडल (26) और विष्णु कुमार (23) शामिल हैं। ये सभी ताराटांड़ थाना क्षेत्र के कोरबंधा और झीतरी गांवों के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, एक लैपटॉप और चार मोटरसाइकिलें बरामद किया है। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अशोक कुमार पहले भी गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 03/2020 में साइबर ठगी के आरोप में जेल जा चुका है। बबलू कुमार मंडल भी साइबर थाना कांड संख्या 10/2020 और ताराटांड़ थाना कांड संख्या 08/2016 में जेल जा चुका है। छापामारी दल में साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत सहित चन्द्रनाथ उरांव, पुनीत कुमार गौतम, गुंजन कुमार, गजेन्द्र कुमार, अमरनाथ प्रसाद, संदीप कुमार वर्मा और भूपाल मंडल जैसे पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *