![]()
हरदोई के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ककरा गांव में रविवार देर शाम एक दुकानदार पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि चार सगे भाइयों ने दुकानदार की पिटाई कर उसकी सोने की चेन लूट ली। इस मामले में रविवार देर रात चारों आरोपियों के खिलाफ आपराधिक धमकी, मारपीट और लूट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। ककरा निवासी शिवप्रताप सिंह उर्फ मोनू पुत्र बलवीर सिंह ने हरपालपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम करीब 6 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। गांव पहुंचने पर उन्होंने देखा कि रास्ते में एक ट्रांसफार्मर ले जा रही गाड़ी का पहिया फंस गया था। पीड़ित के अनुसार, गांव के सद्दाम खान, फारूक, फुजैल खान और लुकमान उर्फ भन्ने (सभी पुत्र जाकिर) गाड़ी चालक के साथ अभद्रता कर रहे थे और उसे गालियां दे रहे थे। शिवप्रताप सिंह ने बीच-बचाव करते हुए उनसे ऐसा न करने को कहा। इसी बात से नाराज होकर आरोपी भड़क गए।
आरोप है कि सभी आरोपियों ने मिलकर शिवप्रताप पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने शिवप्रताप का गला दबाया, जिससे उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। इस दौरान सद्दाम खान ने उनके गले से सोने की चेन भी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और न्याय की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
दुकानदार पर जानलेवा हमला, सोने की चेन लूटी:हरदोई में गाड़ी फंसने पर विवाद, 4 भाइयों पर केस दर्ज
