![]()
नेशनल हाईवे 130 में जजगा के राजवाड़े ढाबा के सामने बीती रात तेज रफ्तार में बस और इनोवा में सीधे भिड़ंत हो गई। हादसे में इनोवा सवार एक महिला की मौत हो गई और 7 अन्य सवार घायल हो गए। घायलों में चार सवारों की हालत गंभीर है। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, जजगा के राजवाड़े ढाबे के सामने रात करीब 12.30 बजे अंबिकापुर की ओर आ रही इनोवा क्रिस्टा तेज रफ्तार में बिलासपुर की ओर जा रही पापुलर बस से सीधे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इनोवा के सभी एयरबैग खुल गए, इसके बाद भी इनोवा सवार सभी लोग घायल हो गए। पिछली सीटों पर बैठे सवार कार में ही फंस गए। एक महिला की मौत, 4 की हालत गंभीर घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। रायपुर से अपनी कार से लौट रहे लखनपुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मशक्कत के बाद निकाला गया। दिनेश बारी ने घायलों को अपनी गाड़ी से लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। लखनपुर हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक घायल महिला की मौत हो गई। घायल अन्य महिला सहित 7 सवारों को प्राथमिक इलाज के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। घायलों में शिव कीर्तन, विजय केरकेट्टा, आसन लाल, तेरा करण का इलाज आईसीयू में चल रहा है। चारों को घटना के बाद होश नहीं आया है। तीन अन्य घायलों की हालत बेहतर बताई गई है। इनोवा सवार जशपुर जिले के बगीचा ब्लॉक के बताए गय हैं। वे सभी पेंड्रा से वापस जशपुर लौट रहे थे। गाड़ियों की पार्किंग के कारण हादसा बताया गया है कि हादसा नेशनल हाईवे के किनारे गाड़ियों के खड़े रहने के कारण हुआ। ढाबे में खाना खाने रूके भारी वाहनों के साथ अन्य वाहनों के सवारों ने सड़क के दोनों ओर गाड़ियां लगा दी थीं, जिससे सड़क में कम जगह बची थी। दोनों वाहनें अचानक आमने सामने आ गये और भिड़ गए। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों को दूसरी वाहन से गंतव्य की ओर भेजा गया। थाना प्रभारी संपत राम पोटाई ने बताया कि सूचना पर मृतका के परिजन सुबह लखनपुर पहुंचे। मामले में अपराध दर्ज किया जा रहा है।
Source link
नेशनल हाईवे 130 में बस-इनोवा में भिड़ंत, महिला की मौत:देर रात तेज रफ्तार में हादसा, इनोवा सवार 7 अन्य घायल, चार की हालत गंभीर
