Headlines

Punjab News | Pargat Singh Visit, Crime Cases & Top 10 Updates


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस के नए प्रदेश प्रधान परगट सिंह से जुड़ी रही। वह गोल्डन टेंपल में माथा टेकने पहुंचे। इस दौरान प्रभारी सचिन पायलट खुद उनकी कार ड्राइव करते नजर आए।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. कांग्रेस के नए प्रधान परगट सिंह का शक्ति प्रदर्शन

कांग्रेस के नए प्रदेश प्रधान बनने के बाद परगट सिंह ने पंजाब पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन किया। 3 अक्टूबर को राजा वड़िंग की जगह पंजाब कांग्रेस की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका पहला पंजाब दौरा है।

परगट सिंह कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के साथ दिल्ली से सुबह करीब 9 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां कांग्रेस नेताओं ने ढोल बजाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद एयरपोर्ट से परगट सिंह सीधे गोल्डन टेंपल में माथा टेकने पहुंचे।

इस दौरान कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट खुद उनकी कार ड्राइव करते नजर आए। परगट सिंह ने कहा कि आज वह श्री दरबार साहिब में शुकराना करने के लिए आए हैं। आज राजनीति का दिन नहीं है, मैं राजनीति जरूर करूंगा, लेकिन एक-दो दिन बाद करूंगा। (पढ़ें पूरी खबर)

2. नाना पाटेकर ने कहा था- आई लव पंजाबी

बॉलीवुड के सुपरस्टार नाना पाटेकर का गुरुवार सुबह 75 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्हें गोवा स्थित घर में कार्डियक अरेस्ट हुआ। मणिपाल अस्पताल के डॉ. शेखर सालकर के मुताबिक नाना पाटेकर का सुबह 5:20 बजे निधन हुआ।

घटना के वक्त नाना के साथ घर पर परिवार का कोई सदस्य नहीं था। उनके दोस्त और केयरटेकर मौजूद थे। अब शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। नाना पाटेकर पंजाबियों को बहुत पसंद करते थे। 17 साल पहले वह पंजाब में शूटिंग कर रहे थे तो उन्होंने पंजाबी सीखी।

उन्होंने कहा था कि पंजाबी उन्हें बहुत पसंद हैं। चंडीगढ़ में वेलकम की शूटिंग के दौरान उन्होंने असिस्टेंट डायरेक्टर के किसान पिता की बाइपास सर्जरी के लिए तुरंत 3 लाख रुपए दे दिए थे। इसके अलावा नाना पाटेकर जनवरी 2018 में पत्नी नीलकांति पाटेकर के साथ अमृतसर आए थे। यहां उन्होंने गोल्डन टेंपल में माथा टेका। (पढ़ें पूरी खबर)

3. घर में घुसकर पादरी की हत्या की

बटाला के गांधी कैंप में दिनदहाड़े पादरी बलविंदर पाल उर्फ लाडी की हत्या कर दी गई। कुछ लोग उनके घर में घुसे और तेजधार हथियार से हमला किया। मोहल्ले में हुए विवाद का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।

बलविंदर पाल अपने घर में ही चर्च चलाते थे। परिवार के मुताबिक वह घर में अकेले रहते थे। आज सुबह कुछ लोग उनके घर में घुस गए और बलविंदर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भतीजे सन्नी ने बताया कि बलविंदर की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। थाना सिविल लाइन के प्रभारी लखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परिवार के बयान पर गांधी कैंप निवासी नरेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. CBI एक्शन पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ऑफिस से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को पंजाब सरकार की याचिका पर सुनवाई टल गई है। कोर्ट अब इस मामल में 9 अक्टूबर को सुनवाई करेगा।

मामला जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ के सामने सूचीबद्ध था। सुनवाई शुरू होते ही जस्टिस दत्ता ने कहा कि मामले को कल लिया जाएगा, क्योंकि फाइल जस्टिस नागू के पास देर से पहुंची है।

पंजाब सरकार की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट विकास सिंह ने किसी भी जल्दबाजी वाली कार्रवाई के खिलाफ अंतरिम आदेश जारी करने का अनुरोध किया। इस पर जस्टिस दत्ता ने कहा कि जब दूसरे जज को फाइल पढ़ने का मौका ही नहीं मिला, तो ऐसा आदेश कैसे पारित किया जा सकता है। इसके बाद मामले को 8 अक्टूबर के लिए सूचीबद्ध कर दिया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

5. पत्नी ने पति को गर्लफ्रेंड के साथ घूमते पकड़ा

लुधियाना में पत्नी ने पति को सड़क पर गर्लफ्रेंड के साथ घूमते पकड़ लिया। इसके बात पत्नी ने हंगामा कर दिया। इस दौरान दोनों में जमकर बहस हुई। पत्नी पति की गर्लफ्रेंड को थप्पड़ मारते भी दिखी।

पत्नी ने बताया कि उसे सूचना मिली कि पति किसी अन्य महिला के साथ घूम रहा है। इस पर वह मौके पर पहुंची। शृंगार रोड पर पति को दूसरी महिला के साथ घूमते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।

वहीं पति ने कहा कि उनकी शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अनबन रहती थी। सूचना पर पीएसआर पहुंची और दोनो को शांत कराया। पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ व कार्रवाई के लिए थाना डिविजन नंबर-3 ले गई। (पढ़ें पूरी खबर)

6. बैंक के बाहर आढ़ती से गन पॉइंट पर 15 लाख लूटे

लुधियाना जिले के खन्ना में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की घटना हुई है। यहां एचडीएफसी बैंक के बाहर एक आढ़ती से करीब 15 लाख रुपए की नकदी लूट ली गई। जानकारी के अनुसार, आढ़ती अमलोह से पेमेंट लेने खन्ना स्थित एचडीएफसी बैंक पहुंचे थे। लुटेरों के मंडी गोबिंदगढ़ की तरफ भागने की खबर है।

बैंक से पैसे लेकर जैसे ही वे अपनी गाड़ी में बैठे, दो लुटेरों ने उन्हें गन पॉइंट पर ले लिया।लुटेरों ने आढ़ती से 15 लाख रुपए लूटे और उनकी गाड़ी भी लेकर भाग गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लुटेरों की तलाश जारी है। पुलिस अभी लुटेरों का पीछा कर रही है।

लुटेरे आए और आढ़ती के माथे पर पिस्टल तान दी और कैश छीना और गाड़ी लेकर फरार हो गए। लुटेरे आढ़ती की वेन्यू कार को लेकर फरार हो गए। (पढ़ें पूरी खबर)

7. रेप केस में फंसे चावला के खिलाफ SIT गठित

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के पूर्व सदस्य अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ रेप मामले की जांच के लिए पंजाब सरकार ने तीन सदस्यीय SIT गठित कर दी है। SIT का नेतृत्व फरीदकोट के SSP गुरबंस बैंस करेंगे। टीम में SSP विजिलेंस सिमरनजीत लंग और DSP करन संधू को भी शामिल किया गया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को धर्म युद्ध मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया था कि राज्य सरकार अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ त्वरित, पारदर्शी और गहन जांच सुनिश्चित करेगी।

पीड़ित महिला 25 सालों से बहरीन में रह रही हैं। वारदात 27 फरवरी से 19 अगस्त, 2026 के बीच की बताई गई है। महिला ने बताया कि वह धार्मिक यात्रा पर श्री आनंदपुर साहिब आई थी। महिला का आरोप है कि चावला उसे अलग-अलग सराय/कमरों में ले गया। यहां बंधक बनाया और कई बार रेप किया। (पढ़ें पूरी खबर)

8. इन्फ्लुएंसर को गोली मारने वाला शूटर अरेस्ट

पंजाबी इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान परमिंदर काका उर्फ परमिंदर प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, परमिंदर ने मैड संधू पर फायरिंग की थी। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक मैड संधू की हत्या के बाद आरोपी परमिंदर काका गुजरात पहुंच गया था और विभिन्न होटलों में छिपकर रह रहा था। उसकी लोकेशन मिलने के बाद अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने विशेष अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांच एजेंसियां अब उसके गोल्डी ढिल्लों गैंग से संबंध, हत्या की साजिश और फंडिंग नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही हैं। 3 अक्टूबर को मैड संधू की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। (पढ़ें पूरी खबर)

9. पार्क में युवक की सिर कटी लाश मिली

मोहाली के जीरकपुर स्थित पीरमुछल्ला नेचर पार्क में गुरुवार सुबह सिर कटी युवक की लाश मिली। पार्क में सुबह के वक्त जब लोग सैर करने पहुंचे, तो उन्होंने जमीन पर लाश पड़ी देखी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में ले लिया।

ढकोली थाना पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 20 से 22 साल के बीच है। लाश की हालत देखकर हत्या की आशंका है। हालांकि, अभी तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी बाजू पर ‘विशाल’ नाम का टैटू बना मिला है। पुलिस इसी टैटू को पहचान का अहम सुराग मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. दिलजीत दोसांझ का घर समझ लिखे खालिस्तानी नारे

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के ऑरा इंडिया टूर से पहले उनके गांव दोसांझ कलां में कुछ लोगों ने घर की दीवार पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लिख दिए। बाद में पता चला कि जिस घर की दीवार पर नारे लिखे गए, वह दिलजीत दोसांझ का नहीं, बल्कि उनके पड़ोसी का है।

घटना से नाराज पड़ोसी ने कहा कि बिना किसी वजह के उसकी दीवार खराब कर दी। पड़ोसी मुख्तियार ने बताया बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे चार-पांच आदमी दीवार पर कुछ लिख रहे थे, स्प्रे की स्मेल आने पर मेरी नींद खुली, जब मैंने उन्हें डांटा, तो भाग गए।

दिलजीत दोसांझ का ‘रुपे ऑरा इंडिया टूर 2026’ 1 नवंबर से दिल्ली-एनसीआर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू हो रहा है। यह टूर 7 प्रमुख शहरों में आयोजित किया जाएगा। 15 नवंबर को इंदौर, 21 नवंबर को अहमदाबाद, 27 नवंबर को मुंबई, 29 नवंबर को बेंगलुरु और 5 दिसंबर को लखनऊ में कॉन्सर्ट होंगे। इस टूर का आखिरी शो चंडीगढ़ में होना तय हुआ है, लेकिन इसकी अंतिम तारीख की घोषणा अभी बाकी है। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *