![]()
पलवल में सीआईए टीम ने एम्बुलेंस से शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने केएमपी एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी के दौरान एक फर्जी एम्बुलेंस से 59 पेटी अवैध शराब बरामद की और दो तस्करों को गिरफ्तार किया। एम्बुलेंस पर लाल-नीली बत्ती लगी हुई थी, जिसका इस्तेमाल पुलिस को चकमा देने के लिए किया जा रहा था। सीआईए स्टाफ के हवलदार रविंद्र ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, एक फर्जी एम्बुलेंस में उसके मालिक की मिलीभगत से अवैध शराब भरकर राजस्थान के कोटा ले जाई जा रही थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की। नाकाबंदी करके पकड़ी गई फर्जी एम्बुलेंस पुलिस टीम ने केएमपी एक्सप्रेस-वे से बहोला गांव के पास पलवल-नूंह मार्ग पर नाकाबंदी की। थोड़ी देर बाद जब संदिग्ध एम्बुलेंस वहां पहुंची, तो चालक ने पुलिस पार्टी को देखकर नाके से करीब 50 मीटर पहले ही गाड़ी रोक दी। सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर ड्राइवर और उसके साथी को गाड़ी सहित पकड़ लिया। एम्बुलेंस की बारीकी से जांच करने पर पुलिस हैरान रह गई। गाड़ी में मरीज की जगह सीटों के नीचे छिपाकर अंग्रेजी शराब की पेटियां भरी हुई थीं। पुलिस ने आबकारी विभाग को सूचित किया, और उनकी मौजूदगी में कुल 59 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। झज्जर और पानीपत के रहने वाले हैं दोनों आरोपी पकड़े गए आरोपियों की पहचान बादली (झज्जर) निवासी चालक दीपक और पानीपत की रामनगर कॉलोनी निवासी परिचालक सलीम के रूप में हुई है। वे शराब परिवहन से जुड़ा कोई वैध परमिट या लाइसेंस नहीं दिखा सके। पुलिस ने अवैध शराब और फर्जी एम्बुलेंस को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सदर थाना पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
पलवल में एम्बुलेंस से शराब तस्करी का भंडाफोड़:59 पेटियां बरामद, दो तस्कर अरेस्ट, राजस्थान से लाई जा रही थी
