![]()
टीकमगढ़ जिले के पलेरा नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 15 में रविवार को जलभराव की समस्या से परेशान लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पलेरा-जतारा मार्ग पर धरना प्रदर्शन के कारण करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की। स्थानीय लोगों के अनुसार, वार्ड 15 में पानी की उचित निकासी न होने के कारण घरों और सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। इससे लगभग 150 परिवार प्रभावित हुए हैं। बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। स्थानीय निवासी राहुल अहिरवार ने बताया कि नगर परिषद ने कॉलोनी के आधे हिस्से में नाली का निर्माण कराया है, जबकि शेष आधे हिस्से में नाली नहीं बनी है। इस अधूरी नाली के कारण बारिश के पानी की निकासी का कोई रास्ता नहीं है, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रीति भार्गव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी, जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे एक बार फिर धरना प्रदर्शन करेंगे।
Source link
पलेरा वार्ड 15 में जलभराव, 150 परिवार परेशान:अधूरी नाली निर्माण का विरोध, लोगों ने सड़क पर लगाया जाम
