![]()
छत्तीसगढ़ कांग्रेस अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में आज यानी 30 अगस्त से बस्तर संभाग के जगदलपुर में कांग्रेस का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो रहा है। इसमें ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनर्स को संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और चुनावी तैयारियों से जुड़े विषयों पर ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत बस्तर से करने का ऐलान किया था। यह अभियान अगले महीने तक प्रदेश के सभी 5 संभागों में चलेगा।
3 दिन बस्तर में जुटेंगे ब्लॉक अध्यक्ष और मास्टर ट्रेनर जगदलपुर में 30 अगस्त से 1 सितंबर तक चलने वाले कैंप में बस्तर संभाग के ब्लॉक अध्यक्ष और मास्टर ट्रेनर्स शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रशिक्षक संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। कांग्रेस का फोकस सिर्फ पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देने तक नहीं है। पार्टी इसके जरिए ब्लॉक स्तर पर संगठन की गतिविधियों को ज्यादा सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने की तैयारी कर रही है। बस्तर के बाद बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और रायपुर पोस्टर में जारी कार्यक्रम के मुताबिक बस्तर के बाद अलग-अलग संभागों में तीन-तीन दिन के कैंप होंगे। पूरे प्रदेश के 307 ब्लॉक अध्यक्षों को इस प्रशिक्षण अभियान से जोड़ा जाएगा। जिलाध्यक्षों के बाद अब ब्लॉक अध्यक्षों की बारी कांग्रेस का यह प्रशिक्षण अभियान संगठन को चरणबद्ध तरीके से मजबूत करने की कवायद है। इससे पहले पार्टी जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों का प्रशिक्षण कर चुकी है। अब ब्लॉक अध्यक्षों की ट्रेनिंग शुरू की जा रही है। इसके बाद पार्टी की योजना मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के लिए भी प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की है। यानी कांग्रेस की ट्रेनिंग का फोकस अब संगठन की ऊपरी इकाइयों से निकलकर सीधे जमीनी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने पर है। चुनाव से पहले संगठन को धार देने की कोशिश आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस इस अभियान के जरिए अपने पदाधिकारियों को जमीनी मुद्दों, संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की विचारधारा को लेकर ज्यादा सक्रिय करने की तैयारी कर रही है। पार्टी नेतृत्व का जोर है कि ब्लॉक अध्यक्ष अपने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क में रहें और संगठन की गतिविधियों को गांव और बूथ स्तर तक ले जाएं। बस्तर से शुरू हो रहा यह अभियान सितंबर में रायपुर संभाग तक पहुंचेगा। इसके बाद कांग्रेस का फोकस प्रशिक्षण के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक एक्टिव करने पर रहेगा।
Source link
बस्तर में आज से कांग्रेस का 3दिन का ट्रेनिंग कैंप:ब्लॉक अध्यक्षों को चुनावी मोड में तैयार करेगी पार्टी
