Headlines

बारिश थमते ही खराब सड़कों का होगा पुनर्निर्माण:जशपुर में अरुण साव बोले- अभी मरम्मत जारी, बरसात बाद काम में आएगी तेजी




जशपुरनगर में प्रदेश में लगातार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बरसात के दौरान सड़कों के रखरखाव और जरूरी मरम्मत का काम जारी है। बारिश का मौसम खत्म होते ही निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साव शनिवार को जशपुर में आयोजित अखिल भारतीय फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उनसे जशपुर और सरगुजा संभाग में सड़कों की खराब स्थिति, खासकर अंबिकापुर की सड़कों को लेकर सवाल किया गया। जवाब में उन्होंने अत्यधिक बारिश से सड़कों को हुए नुकसान का जिक्र करते हुए बारिश के बाद बड़े स्तर पर निर्माण और पुनर्निर्माण कराने की बात कही। जशपुर की इन सड़कों की हालत खराब जशपुर जिले में भी कई प्रमुख मार्गों की खराब हालत को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। इनमें कोतबा-बागबहार मार्ग, चराईडांड़-बतौली स्टेट हाईवे के भीतघरा क्षेत्र और बगीचा-बतौली मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा तपकरा-फरसाबहार और लुड़ेग-बागबहार मार्ग की स्थिति को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। बारिश के कारण गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थिति और खराब होने से आवागमन प्रभावित है। अंबिकापुर में पवन साय ने भी उठाया था मुद्दा बीते दिनों अंबिकापुर की खराब सड़कों को लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री पवन साय ने भी नाराजगी जताई थी। उन्होंने कलेक्टर और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली थी। इसके अलावा वित्त मंत्री एवं सरगुजा प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी से भी चर्चा की थी। इसके बाद अंबिकापुर में सड़कों के गड्ढे भरने के लिए तत्काल गिट्टी डालने का काम शुरू किया गया था, ताकि बारिश के दौरान लोगों को आवागमन में राहत मिल सके। बरसात में मरम्मत, बाद में बड़े निर्माण पर जोर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बरसात के दौरान आवश्यक मरम्मत और रखरखाव जारी रहेगा, जबकि मौसम साफ होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण और पुनर्निर्माण को गति दी जाएगी। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद जशपुर और सरगुजा संभाग के किन-किन जर्जर मार्गों पर स्थायी निर्माण कार्य शुरू होता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *