![]()
बिलासपुर में नेशनल हाईवे पर कोनी-सेंदरी रोड पर चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर युवतियों के रील बनाने का मामला सामने आया है। कार में सवार युवतियां चलते वाहन की सनरूफ से बाहर निकलकर मोबाइल से वीडियो बनाती नजर आईं। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर से वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। दरअसल, कोनी-सेंदरी मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। इसी क्षेत्र में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय समेत कई शिक्षण संस्थान स्थित हैं। इसके कारण दिनभर विद्यार्थियों और अन्य वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर रील बनाना न केवल मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है, बल्कि चालक, वाहन में सवार लोगों और अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, कार्रवाई की मांग इस घटना का वीडियो पीछे चल रही एक कार में सवार लोगों ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने संबंधित वाहन चालक और रील बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि पुलिस रीलबाजी और स्टंटबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का दावा करती है, लेकिन ऐसी घटनाएं बताती हैं कि नियमों का उल्लंघन अब भी जारी है। ऐसी लापरवाही खुद के साथ दूसरों के लिए भी खतरा पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चलती गाड़ी की सनरूफ से बाहर निकलकर रील बनाना बेहद खतरनाक है। यह न केवल मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन है, बल्कि चालक, वाहन में सवार लोगों और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डालता है। ऐसे मामलों में यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ आवश्यक कानूनी कदम भी उठाए जा रहे हैं। ट्रैफिक एएसपी बोले- पेरेंट्स पर भी होगी कार्रवाई एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि यदि स्टंटबाजी या रील बनाने जैसी गतिविधियों में नाबालिग शामिल पाए जाते हैं, तो उनके पेरेंट्स को थाने बुलाकर समझाइश दी जाती है और उनसे माफीनामा भरवाया जाता है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो। इसके बावजूद यदि दोबारा इस तरह की हरकत सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान खतरे में न डालें। सड़क पर किसी भी तरह की स्टंटबाजी या रीलबाजी से बचें और यातायात नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बिलासपुर में कार की सनरूफ खोलकर स्टंटबाजी, VIDEO:NH पर सनरूफ से बाहर निकलकर युवतियों ने बनाई रील, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन
