![]()
हरियाणा भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद नूंह-मेवात की राजनीति में प्रतिनिधित्व का मुद्दा गरमा गया है। नूंह से कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद ने भाजपा पर मेवात की अनदेखी का आरोप लगाते हुए तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में मेवात के कई नेताओं ने भाजपा का दामन थामा था। इसके बावजूद, जब संगठन में जिम्मेदारियां बांटने की बारी आई, तो मेवात के किसी भी समाज के नेता को नई कार्यकारिणी में स्थान नहीं दिया गया। ‘राजनीतिक लाभ के लिए मेवात के नेताओं को जोड़ती है भाजपा’ आफताब अहमद के अनुसार, इससे भाजपा की नीति और नीयत दोनों उजागर हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल राजनीतिक लाभ के लिए मेवात के नेताओं को अपने साथ जोड़ती है, लेकिन उन्हें संगठन में सम्मान और भागीदारी देने से बचती है। उन्होंने जावेद सहित हाल ही में भाजपा में शामिल हुए कई नेताओं का जिक्र किया, जिन्हें नई कार्यकारिणी में कोई जिम्मेदारी नहीं मिली। कांग्रेस विधायक ने भाजपा के मौजूदा और पूर्व विधायकों से इस मुद्दे पर जवाब मांगा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मेवात के नेताओं को संगठन में स्थान क्यों नहीं मिला। उनके मुताबिक, यदि पार्टी अपने नेताओं को जिम्मेदारी नहीं देती, तो या तो उसे उन पर भरोसा नहीं है या फिर उनकी क्षमता पर सवाल है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” पर भी साधा निशाना आफताब अहमद ने भाजपा के नारे “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में टिकट देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि संगठन और निर्णय लेने वाले पदों पर भी सभी क्षेत्रों और समाजों को बराबर प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उनका आरोप है कि भाजपा इस कसौटी पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान मेवात में शुरू किए गए विकास कार्यों की रफ्तार भाजपा शासन में थम गई है। उनके अनुसार, पिछले 12 वर्षों में यह क्षेत्र विकास के बजाय बदहाली की ओर बढ़ा है। उन्होंने भाजपा से मेवात की जनता को यह बताने की मांग की कि आखिर संगठन में इस क्षेत्र की लगातार अनदेखी क्यों की जा रही है।
Source link
भाजपा की नई कार्यकारिणी पर आफताब अहमद का हमला:बोले- मेवात की हुई अनदेखी, 'सबका साथ सबका विकास,सबका विश्वास ' सिर्फ नारा
