Headlines

रिलायंस ज्वेल्स से 17.50 लाख के सोने के कंगन गायब:नकली कंगन रखकर स्टॉक में छिपाई कमी, पूर्व सेल्स स्टाफ पर धोखाधड़ी का आरोप




राजधानी के जयस्तंभ चौक स्थित रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में करीब 17.50 लाख रुपए के 22 कैरेट सोने के कंगन गायब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शोरूम के पूर्व सेल्स स्टाफ ने असली कंगनों की जगह नकली कंगन रखकर स्टॉक में गड़बड़ी छिपाई। मामले में गोलबाजार थाना पुलिस ने पूर्व कर्मचारी मनोज यादव के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला गोलबाजार थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि स्टोर मैनेजर आरिफ खान की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत के मुताबिक 9 जुलाई 2026 को कंगन काउंटर का स्टॉक मिलान किया गया। जांच के दौरान तीन सेट यानी पांच नग 22 कैरेट सोने के कंगनों की जगह नकली कंगन रखे मिले। गायब हुए कंगनों का कुल वजन 103.832 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17.50 लाख रुपए आंकी गई है। स्टोर प्रबंधन की आंतरिक जांच में तत्कालीन सेल्स स्टाफ मनोज यादव की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गई। सीसीटीवी फुटेज, स्टॉक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि संबंधित कंगन काउंटर की जिम्मेदारी उसी के पास थी। इसके बाद कंपनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। 6 जुलाई को दिया था इस्तीफा जांच में यह भी पता चला कि मनोज यादव ने 6 जुलाई 2026 को कंपनी के पोर्टल पर इस्तीफा दिया और 7 जुलाई को अंतिम कार्य दिवस बताया, जबकि वह 2 जुलाई के बाद से ही स्टोर नहीं आया। उसने मां की तबीयत खराब होने का कारण बताकर छुट्टी ली और बिना विधिवत हैंडओवर किए नौकरी छोड़ दी। कंपनी की ओर से कई बार संपर्क करने के बावजूद वह वापस नहीं लौटा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 5 मई को हुई ग्लोबल फिजिकल इन्वेंट्री और 17 जून के इंटरनल ऑडिट के दौरान उसने टैग बदलकर ऑडिट टीम को गुमराह किया, जिससे स्टॉक सही दिखाई देता रहा। आरोप है कि एक सेट को उसने ऐसी जगह ले जाकर हटाया, जहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी नहीं थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *