Headlines

भारी बारिश के अलर्ट के बीच बस्तर में स्कूलें बंद:एक दिन की छुट्टी, त्रैमासिक परीक्षा भी टली, जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी हुई रद्द




बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के चलते छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट है। मौसम को देखते हुए बस्तर जिले में 24 सितंबर को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। बस्तर जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। वहीं, खराब मौसम का असर हवाई सेवा पर भी पड़ा है। जगदलपुर से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट आज रद्द कर दी गई है। फ्लाइट शेड्यूल के मुताबिक, यह उड़ान 24 सितंबर को जगदलपुर से हैदराबाद के लिए निर्धारित थी। यात्रियों को एयरलाइन से अपनी फ्लाइट की स्थिति और आगे की यात्रा के संबंध में जानकारी लेने की सलाह दी गई है। खराब मौसम की वजह से लो विजिबिलिटी के कारण फ्लाइट को लैंड और टेकऑफ करने में दिक्कत हो रही है। इसलिए आज फ्लाइट रद्द करने का निर्णय लिया गया है। ऐसे में फ्लाइट से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी दिक्कत होगी। अवदाब के असर से छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी बारिश दरअसल, पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवदाब पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 24 सितंबर की सुबह विशाखापट्टनम और पुरी के बीच तट पार करने का अनुमान है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी दी है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में इसका असर ज्यादा रहने का अनुमान है। बस्तर संभाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया फैसला लगातार बारिश और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने 24 सितंबर को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। त्रैमासिक परीक्षा भी आगे बढ़ी 24 सितंबर को जिन विद्यार्थियों की त्रैमासिक परीक्षा निर्धारित थी, उन्हें भी अब उसी दिन नहीं देना होगा। आदेश के मुताबिक 24 सितंबर की त्रैमासिक परीक्षा का आयोजन त्रैमासिक परीक्षा समाप्ति के बाद आने वाले अगले शाला दिवस में किया जाएगा। यानी बारिश के कारण आज स्कूल बंद रहने के साथ परीक्षा दिन में भी बदलाव किया गया है। स्कूल प्रबंधन को आदेश के अनुसार स्टूडेंट्स और पेरेंट्स को जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। खुले में न निकलने की सलाह मौसम विभाग की चेतावनी के बीच लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है। निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर पर भी नजर रखने को कहा गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *