![]()
मंडी में भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता और सुंदरनगर विधायक राकेश जम्बाल ने एचआरटीसी के बढ़ते घाटे और बस रूट बंद किए जाने को लेकर सुक्खू सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी हिमाचल के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के लोगों के लिए जीवनरेखा है। इसे केवल मुनाफे और घाटे के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। जम्बाल ने कहा कि विधानसभा में सरकार के जवाब के अनुसार, 1 अगस्त 2026 तक पिछले तीन वर्षों में एचआरटीसी के 282 बस रूट बंद किए गए हैं। इनमें से 196 रूट ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से जुड़े हैं। इसके अलावा 15 अन्य रूटों की सेवाओं में भी कटौती की गई है। उन्होंने बताया कि एचआरटीसी का कुल घाटा 2,272.24 करोड़ रुपए बताया गया है। भाजपा नेता बोले- सरकार को घाटे के कारणों की समीक्षा कर व्यवस्था सुधारनी चाहिए भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि सरकार को घाटे के कारणों की समीक्षा कर व्यवस्था सुधारनी चाहिए, न कि आम लोगों की परिवहन सुविधा कम करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कई रूट खराब सड़कों, बसों की कमी, स्पेयर पार्ट्स और मैकेनिकों की कमी के कारण प्रभावित हुए हैं। जब निगम को पर्याप्त संसाधन नहीं मिलेंगे तो इसके लिए जनता को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। जम्बाल ने कहा कि कम यात्री वाले रूटों का समय बदला जा सकता है, बसों की संख्या व्यवस्थित की जा सकती है या छोटी बसें चलाई जा सकती हैं। सीधे रूट बंद करना समाधान नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से ग्रामीण क्षेत्रों के बंद रूटों को जरूरत के अनुसार दोबारा शुरू करने और एचआरटीसी के लिए दीर्घकालीन कार्ययोजना बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी को बचाने का रास्ता रूट बंद करना नहीं, बल्कि बसों की समय पर मरम्मत, पर्याप्त स्पेयर पार्ट्स और मैकेनिक उपलब्ध करवाना तथा खराब सड़कों को ठीक करना है।
Source link
मंडी में भाजपा विधायक जम्बाल ने सुक्खू सरकार को घेरा:बोले- 3 साल में 282 बस रूट बंद, एचआरटीसी को रूट नहीं व्यवस्था सुधारकर बचाएं
