![]()
पालमपुर के केनरा बैंक की मारंडा शाखा में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने अपनी सास के बैंक खाते में धोखाधड़ी की है। आरोप है कि महिला ने फर्जी हस्ताक्षर कर सास के खाते से पैसे अपने निजी खाते में ट्रांसफर किए। इसके बाद मोबाइल नंबर बदला और बिना अनुमति के खाता दूसरी शाखा में स्थानांतरित करवा दिया। पीड़ित सास की शिकायत पर पालमपुर पुलिस ने आरोपी सुमिता पालिया के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, ग्राम व डाकघर ढोरन निवासी राज कुमारी का केनरा बैंक की मारंडा शाखा में बचत खाता है। उनकी बहू सुमिता पालिया इसी बैंक में कर्मचारी है, जिसके पास बैंक के दस्तावेजों और खातों तक सीधी पहुंच थी। इसी का फायदा उठाकर सुमिता ने 16 अगस्त 2021 को सास के खाते से पचास हजार रुपये फर्जी दस्तखत के जरिए अपने व्यक्तिगत खाते में ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद 12 नवंबर 2021 को 20 हजार रुपये कैश विड्रॉल स्लिप से और 24 फरवरी 2022 को इंटरनल वाउचर के जरिए पुनः 20 हजार रुपये निकाले गए। इन ट्रांजैक्शन की जानकारी सास को न मिले, इसके लिए आरोपी ने 16 मार्च 2022 को बैंक के रिकॉर्ड में फर्जी हस्ताक्षर के सहारे रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बदलवा दिया, ताकि सभी SMS अलर्ट बंद हो जाएं। फर्जी ट्रांसफर रिक्वेस्ट फॉर्म लगाकर खाता किया शिफ्ट मामला तब और गंभीर हो गया जब 15 जुलाई 2022 को आरोपी महिला ने फर्जी ट्रांसफर रिक्वेस्ट फॉर्म लगाकर सास का पूरा अकाउंट ही मारंडा शाखा से केनरा बैंक की नगरोटा बगवां शाखा में शिफ्ट करवा दिया। पीड़ित राज कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने इस धोखाधड़ी और फर्जी हस्ताक्षर के संबंध में पहले संबंधित बैंक शाखा प्रबंधन से लिखित शिकायत की थी, लेकिन बैंक अधिकारियों द्वारा कोई सख्त या प्रभावी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। इसके बाद मजबूर होकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कांगड़ा को गुहार लगाई। मामला पूरी तरह धोखाधड़ी और जालसाजी का: पुलिस पालमपुर थाना के इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता के आवेदन और बैंक से प्राप्त दस्तावेजों, जिसमें अकाउंट ओपनिंग फॉर्म, स्पेसिमेन सिग्नेचर, ट्रांजैक्शन वाउचर और SMS लॉग्स शामिल हैं, की प्राथमिक जांच के बाद मामला पूरी तरह धोखाधड़ी और जालसाजी का पाया गया है। आरोपी सुमिता पालिया के खिलाफ थाना पालमपुर में केस दर्ज कर लिया गया है और सब-इनस्पेक्टर इंद्र सिंह मामले की गहन तफ्तीश कर रहे हैं।
Source link
महिला बैंक कर्मचारी ने सास से की धोखाधड़ी:फर्जी हस्ताक्षर कर अपने खाते में 40 हजार करवाए ट्रांसफर; पालमपुर की मारंडा शाखा में तैनात
