![]()
महेंद्रगढ़ में हरियाणा रोडवेज सब-डिपो और वर्कशॉप का संचालन जल्द शुरू होगा। स्थानीय भाजपा विधायक कंवर सिंह यादव के प्रयासों से इसे पूरी तरह से संचालित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सब-डिपो के सुचारु संचालन के लिए परिवहन विभाग ने 50 बसों के लिए 66 ड्राइवर और 75 कंडक्टर नियुक्त किए हैं। इन नियुक्तियों की घोषणा शुक्रवार को की गई। महेंद्रगढ़ में रोडवेज सब-डिपो और वर्कशॉप बहुत समय पहले ही बनकर तैयार था, लेकिन इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया था। इससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। क्षेत्र के नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने इसके संचालन की मांग को लेकर कई बार प्रदर्शन किए और ज्ञापन सौंपे थे। ग्रामीण मार्गों पर होगी बस की उपलब्धता कर्मचारियों की तैनाती के बाद महेंद्रगढ़ सब-डिपो से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे स्थानीय यात्रियों को सुविधा मिलेगी और ग्रामीण तथा धार्मिक रूटों पर बसों की उपलब्धता बढ़ेगी। अब तक ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन के लिए निजी वाहनों या अन्य डिपो की सीमित बसों पर निर्भर रहना पड़ता था। सब-डिपो के चालू होने से देर रात तक यात्रा करने वाले यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। रात्रि में परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से आम जनता, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को आवागमन में आसानी होगी। सामाजिक कार्यकर्ता रामनिवास पाटोदा और क्षेत्र के निवासियों ने विधायक कंवर सिंह यादव के प्रयासों की सराहना की है। उनका कहना है कि इससे महेंद्रगढ़ की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता पूरी होगी। संचालन शुरू होने से स्थानीय परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी।
Source link
महेंद्रगढ़ रोडवेज सब-डिपो के लिए स्टाफ नियुक्त:50 बसों के लिए 66 ड्राइवर, 75 कंडक्टरों की तैनाती, जल्द शुरू होगी सेवा
