![]()
मानसा में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन भी जारी है। किसान अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान नेताओं का कहना है कि सरकारें किसान विरोधी कानून ला रही हैं, जिनका वे विरोध कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) ने पंजाब भर के जिला मुख्यालयों पर किसानों की मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने शुरू किए हैं। मानसा में जिला प्रधान राम सिंह भैणी बागा, महिंदर सिंह रोमाणा, कुलदीप सिंह कोर वाला, जगसीत सिंह जवाहरके और मेजर सिंह गोबिंदपुरा जैसे किसान नेता प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। वे केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ विरोध जता रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की भारत-अमेरिका डील का भी विरोध किया। उनका कहना है कि इस डील से देश के किसानों, व्यापारियों और मजदूरों को नुकसान होगा। पंजाब सरकार द्वारा किसानों की जमीनों की मैपिंग और लैंड पूलिंग नीति लाने का भी लगातार विरोध किया जा रहा है। 13 मांगों को लेकर चल रहा प्रदर्शन किसान नेताओं ने बताया कि देश के किसान और मजदूर कर्ज के बोझ तले दबे हैं। उनका पूरा कर्ज माफ किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि सरकारें बड़े घरानों के कर्ज माफ कर रही हैं, जबकि छोटे किसानों और मजदूरों के घरों पर ताले लगाए जा रहे हैं। किसान नेताओं ने साफ किया कि पंजाब भर में चल रहे इन धरनों में किसानों की 13 मुख्य मांगें केंद्र और पंजाब सरकार से जुड़ी हैं। जब तक सरकार इन मांगों पर ध्यान नहीं देती, तब तक ये धरने जारी रहेंगे।
Source link
मानसा DC कार्यालय के बाहर किसानों का हल्ला बोल:केंद्र-पंजाब सरकार के खिलाफ की नारेबाजी; भारत-अमेरिका ट्रेड डील का किया विरोध
