![]()
दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम एक महिला का शव मिला। ब्रह्मबाद गांव की पहाड़ी पर स्थित मोरा माता मंदिर के पास शव मिलने का पता चलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर बालाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। थाना इंचार्ज सचिन शर्मा ने बताया कि शाम करीब 5 बजे मोरा माता मंदिर के पास महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मानपुर डीएसपी अशोक मीना ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली। मृतका की उम्र करीब 25 साल है, जिसका गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है। उसके चेहरे के आसपास चोट के निशान भी मिले हैं। महिला के पहनावे के आधार पर उसके किसी अन्य राज्य की होने की संभावना लग रही है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देश पर एफएसएल और एमओबी टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पहचान के लिए सिकराय उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। थाना इंचार्ज ने बताया कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मृतका की पहचान के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link
मेहंदीपुर बालाजी में पहाड़ी पर मिला महिला का शव:गला घोंटकर हत्या की आशंका, चेहरे पर भी मिले चोट के निशान
