Headlines

यमुनानगर में छात्राओं ने हाईवे पर लगाया जाम:बसों के ठहराव की मांग, आधे घंटे प्रभावित रहा यातायात, मौके पर पहुंचे अधिकारी




यमुनानगर में छछरौली थाना क्षेत्र के गांव चुहड़पुर कलां बस स्टॉप पर रोडवेज बसों के ठहराव की मांग को लेकर मंगलवार को छात्राओं ने यमुनानगर-पांवटा साहिब हाईवे पर जाम लगा दिया। बस स्टॉप पर रोडवेज बसें नहीं रुकने से परेशान छात्राओं ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया। हाईवे पर जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित रहा। जाम की सूचना मिलते ही छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं बसों के नियमित ठहराव का लिखित आश्वासन मिलने तक जाम खोलने को तैयार नहीं थीं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि बस चालक और परिचालक उनके साथ उचित व्यवहार भी नहीं करते और कई बार बसें स्टॉप पर रुकने के बजाय आगे निकल जाती हैं। सूचना मिलते पर रोडवेज अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और छात्राओं को लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब आधे घंटा लगा जाम खोल दिया गया। चार-पांच गांवों के विद्यार्थी होते हैं परेशान छात्रा मोनिका ने बताया कि चुहड़पुर कलां बस स्टॉप पर आसपास के चार-पांच गांवों के विद्यार्थी विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में जाने के लिए बसों का इंतजार करते हैं। यहां अधिकतर रोडवेज बसें नहीं रुकतीं, जिसके कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती है और वे समय पर स्कूल-कॉलेज नहीं पहुंच पाते। मोनिका ने बताया कि इस समस्या को लेकर रोडवेज विभाग को पहले भी कई बार अवगत कराया जा चुका है। समस्या का समाधान नहीं होने पर पहले भी जाम लगाया गया था, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते आज फिर से यह कदम उठाना पड़ा है। रोडवेज ने दिया बसें रुकवाने का आश्वासन जाम की सूचना मिलने पर रोडवेज अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। रोडवेज इंस्पेक्टर प्रताप सिंह ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि चुहड़पुर कलां बस स्टॉप पर एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो यहां से गुजरने वाली रोडवेज बसों का ठहराव सुनिश्चित करेगा। इसके अलावा इस रूट पर एक अतिरिक्त बस भी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई चालक या परिचालक बस को निर्धारित स्टॉप पर नहीं रोकता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद छात्राओं ने जाम खोल दिया। छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि छात्राओं ने करीब आधे घंटे तक जाम लगाया। इस दौरान यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। जाम खुलने के बाद पुलिस ने यातायात को सुचारू करा दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *