![]()
स्वास्थ्य विभाग में जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) मद से चल रही भर्ती प्रक्रिया पर बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कलेक्टर को पत्र सौंपकर भर्ती प्रक्रिया में कथित विसंगतियों को दूर करने और जिले के स्थानीय योग्य अभ्यर्थियों को नियमानुसार प्राथमिकता देने की मांग की है। विधायक मंडावी ने पत्र में बताया कि विज्ञापित पद क्रमांक-2 हॉस्पिटल कंसल्टेंट और पद क्रमांक-3 पब्लिक हेल्थ कंसल्टेंट के लिए अलग-अलग आवेदन मंगाए गए थे। इसके बावजूद दोनों पदों के लिए एक ही कौशल परीक्षा/साक्षात्कार के अंकों को जोड़कर अंतिम वरीयता सूची और चयन सह प्रतीक्षा सूची जारी की गई। विधायक का कहना है कि इस प्रक्रिया के चलते एक स्थानीय अभ्यर्थी को न्यूनतम अंक नहीं प्राप्त करने के आधार पर अपात्र कर दिया गया। न्यूनतम अंक की शर्त का स्पष्ट जिक्र नहीं मंडावी ने कहा कि भर्ती विज्ञापन के दिशा-निर्देशों में कौशल परीक्षा/साक्षात्कार में न्यूनतम अंक प्राप्त करना अनिवार्य होने की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के सुदूर क्षेत्र के एक स्थानीय अभ्यर्थी की वांछित योग्यता का प्रतिशत अन्य अभ्यर्थियों से अधिक होने के बावजूद चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए हैं। परीक्षा के अंकों पर भी उठाई आपत्ति विधायक ने कौशल परीक्षा/साक्षात्कार के अंकों को लेकर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि परीक्षा के दिन ही मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर अभ्यर्थियों को उत्तर पुस्तिका दिखाने का अवसर दिया जाना चाहिए था। साथ ही, अंकों से असंतुष्ट अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलना चाहिए था। स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने का नियम मंडावी ने विज्ञापन के दिशा-निर्देश क्रमांक-02 का हवाला देते हुए कहा कि इसमें बीजापुर जिले के स्थानीय बेरोजगार अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने का स्पष्ट प्रावधान है। वहीं, दिशा-निर्देश क्रमांक-13 के बिंदु 05 और 06 में सक्षम अधिकारी द्वारा जारी वैध मूल निवास प्रमाण पत्र की अनिवार्यता का उल्लेख है। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार स्थानीय योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में ही छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के अभ्यर्थियों पर विचार किया जाना चाहिए। भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा की मांग विधायक विक्रम मंडावी ने कलेक्टर से भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा करने, सामने आई कथित विसंगतियों को दूर करने और बीजापुर जिले के स्थानीय योग्य अभ्यर्थियों को नियमानुसार प्राथमिकता देने की मांग की है।
Source link
DMF भर्ती प्रक्रिया पर विधायक मंडावी ने उठाए सवाल:बीजापुर के स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने की मांग; कलेक्टर को पत्र सौंपा
