![]()
राजधानी रायपुर के महात्मा गांधी नगर वार्ड नंबर-4 में नाले में गिरने से 4 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसा उस वक्त जब काव्यांश साहू नाम का बच्चा खेल रहा था, इसी दौरान बच्चा खुले नाले में गिर गया। यह मामला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बच्चे के नाले में गिरने की सूचना मिलते ही नगर निगम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को नाले से बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए मेडिशाइन अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। वहीं, परिजनों का कहना है कि हादसा अचानक हुआ, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बच्चे के शव का पंचनामा तैयार कर लिया है। इसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चा किन परिस्थितियों में नाले में गिरा। खुले नालों से निगम व्यवस्था पर सवाल इस घटना ने एक बार फिर खुले नालों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
रायपुर में नाले में गिरने से मासूम की मौत:खेलते हुए चार साल का बच्चा नाले में गिरा, डूबने से मौत;नगर निगम-पुलिस ने शव निकाला
