Headlines

रेलवे की बेशकीमती जमीन पर बन रहा बीजेपी कार्यालय:कांग्रेस नेता ने लगाए भू-माफियाओं की मिलीभगत के आरोप,कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी




अस्सी फीट रोड पर बीजेपी के निर्माणाधीन कार्यालय को लेकर रेलवे ने एक पत्र जारी किया था, जिसमें रेलवे ने इस जमीन को अवैध अतिक्रमण बताया था। पत्र में रेलवे ने केडीए को लिखा था कि जमीन 35 साल के लीज पर सड़क के लिए दी थी, आपने बीजेपी ऑफिस के लिए आवंटित कर दी। अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम से मुलाकात कर इसकी चर्चा की। इससे पहले ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेता ने लगाए भू-माफियाओं की मिलीभगत के आरोप कांग्रेस नेता विपिन बरथूनियां का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी रेलवे की बेशकीमती जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रही है। विपिन बरथूनियां ने कहा कि यह जमीन पूरी तरह से रेलवे की है और इसके सारे दस्तावेज भी इस बात की पुष्टि करते हैं। पूर्व में जब देश में डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार थी, तब इसी जमीन पर रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लिए एक हॉस्टल निर्माण की योजना स्वीकृत हुई थी और इसके लिए बाकायदा बजट भी घोषित किया जा चुका था। ऐसे में अब इस जमीन पर बीजेपी किस आधार पर अपना कार्यालय बना रही है, यह समझ से परे है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस निर्माण कार्य के पीछे बड़े भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि इसमें भू-माफियाओं और नेताओं की मिलीभगत की आशंका है। यहां सिर्फ बीजेपी का कार्यालय ही नहीं बनेगा, बल्कि इसके पीछे फाइव-स्टार होटल और थ्री-स्टार होटल बनाने की भी तैयारी चल रही है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि वे यहां रेलवे प्रशासन और डीआरएम साहब के हाथ मजबूत करने आए हैं ताकि वे इस अतिक्रमण के खिलाफ डटकर कार्रवाई कर सकें। इसके साथ ही, उन्होंने डीआरएम को चेतावनी भरे लहजे में भी सचेत किया कि सरकारें आती-जाती रहती हैं। अगर रेलवे के अधिकारियों ने भी किसी राजनीतिक दबाव में आकर नियमों के खिलाफ जाकर इस पक्के निर्माण की स्वीकृति दी, तो भविष्य में उनके खिलाफ भी वैसी ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी जैसी अन्य भ्रष्ट अधिकारियों पर होती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *