![]()
रूपनगर में बुधवार देर शाम किसानों ने रोपड़-श्री चमकौर साहिब रोड पर गोबिंदपुरा के पास सड़क जाम कर दी। वे सार्वजनिक जगहों पर मवेशी चराने और सरकारी, पंचायती व वन विभाग की जमीनों पर हुए अवैध कब्जों का विरोध कर रहे थे। एक घंटे चले इस धरने के बाद पुलिस और प्रशासन के कार्रवाई के आश्वासन पर किसानों ने जाम खोला। भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष करनवीर सिंह सिद्धू ने बताया कि 10-15 दिन पहले गांव बंदेवाल में एक व्यक्ति से मारपीट हुई थी। किसान संगठनों और ग्रामीणों के दखल के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में मवेशी चराने को लेकर पहले भी कई बार झगड़े और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। किसान नेताओं ने बताया कि उन्होंने पहले भी डीसी रूपनगर, एसएसपी, डीएसपी और स्थानीय पुलिस को शिकायतें दी थीं। उनकी मांग थी कि सड़कों, नहरों के किनारों, पंचायती और सरकारी जमीनों पर मवेशी खुले छोड़ने पर तुरंत रोक लगे। किसानों का कहना है कि खुले घूमते मवेशियों से फसलों को बहुत नुकसान होता है और नदी-नहरों के तटबंध भी टूटने का डर रहता है। सिद्धू ने याद दिलाया कि 2023 में भी मवेशियों के नदी क्षेत्र में जाने से तटबंध टूट गया था, जिससे आसपास के गांवों को नुकसान हुआ था। किसानों ने डेरों में मौजूद बड़ी संख्या में मवेशियों को काबू करने, फोन पर धमकी देने के मामलों की जांच करने और अवैध कब्जे हटाने की मांग की। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी: डीएसपी डीएसपी दीपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और नियमों के हिसाब से सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने जाम हटा लिया। थाना सदर रूपनगर के एसएचओ सनी खन्ना ने साफ किया कि सार्वजनिक जगहों पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
रोपड़ में किसानों ने लगाया जाम:कहा-खुले घूमते मवेशियों से फसलों को नुकसान; पुलिस के आश्वासन पर धरना खत्म
