![]()
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला में निर्वाचन विभाग कार्यालय के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कर्मचारियों से अभद्रता के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान निर्वाचन विभाग कार्यालय की दीवारों और बोर्ड पर ‘वोट चोर’ लिखा गया और पुतला जलाया गया। उन्होंने पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाने, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और सरकारी कार्यालय में आग लगाने की धमकी दिए जाने के आरोप भी लगाए। आरोप सही हैं या गलत, इसका फैसला जांच से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून विपक्ष और सत्ता पक्ष के लिए अलग-अलग नहीं हो सकता। भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत पर जिस तरह कार्रवाई होती है, उसी तरह सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं पर लगे आरोपों की भी जांच होनी चाहिए। चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना
बिंदल ने SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन पर कहा कि राजनीतिक दलों को निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाने और वैधानिक माध्यम से आपत्ति दर्ज कराने का अधिकार है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं पर लगाए गए आरोपों के साथ तथ्य भी सामने रखने चाहिए। कांग्रेस को चुनावी परिणामों पर भी आत्ममंथन करना चाहिए। बिंदल के मुताबिक मई 2026 के नगर निगम चुनावों में भाजपा ने धर्मशाला, सोलन और मंडी नगर निगम में बहुमत हासिल किया, जबकि पालमपुर में कांग्रेस को बहुमत मिला। उन्होंने कहा कि सितंबर में शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। कांग्रेस ने लिखा था चोर कमीशन
कांग्रेस ने शुक्रवार को इलेक्शन डिपार्टमेंट ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान इलेक्शन डिपार्टमेंट ऑफिस के बोर्ड पर चोर कमीशन लिखा था और सीईसी ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया गया। पुतला जलाते वक्त पुलिस से भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की धक्का मुक्की हुई थी। 4 साल बाद सरकार अपने काम का हिसाब दे: बिंदल
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सिरमौर दौरे को लेकर बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने कार्यकाल के लगभग चार वर्ष पूरे करने जा रही है। अब हर समस्या के लिए पिछली सरकार को जिम्मेदार ठहराने के बजाय सरकार को अपने काम का हिसाब देना चाहिए। भुगतान की स्थिति सरकार को सार्वजनिक करनी चाहिए
उन्होंने सिरमौर में स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और शिक्षा व्यवस्था के साथ नाहन मेडिकल कॉलेज की स्थिति पर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण की वर्तमान स्थिति क्या है, शेष काम कब पूरा होगा और इसके लिए प्रस्तावित बजट का समयबद्ध उपयोग कैसे किया जाएगा। बिंदल ने HIMCARE के लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठाया। निजी अस्पतालों के स्वीकृत दावों के भुगतान की स्थिति सरकार को सार्वजनिक करनी चाहिए।
Source link
शिमला में कांग्रेस के प्रदर्शन पर भड़की BJP:बिंदल बोले- इलेक्शन कमीशन ऑफिस में चोर लिखना दुर्भाग्यपूर्ण, जांच की मांग
