Headlines

शिमला में भालू के हमले से व्यक्ति घायल:बगीचे के पास मुंह-सिर पर वार, ग्रामीण पीठ पर उठाकर अस्पताल ले गए; मुआवजे की मांग




शिमला के रामपुर क्षेत्र की मशनु पंचायत में रविवार सुबह करीब 10 बजे एक भालू ने नरम लाल नाम के व्यक्ति पर अचानक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। भालू के पंजों से व्यक्ति के मुंह और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित को तुरंत महात्मा गांधी चिकित्सा परिसर, खनेरी पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरम लाल रविवार सुबह अपनी भेड़-बकरियों के लिए पत्तियां लेने बगीचे की ओर जा रहा था। जैसे ही वह बगीचे के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर बैठे भालू ने उस पर हमला कर दिया। पीड़ित के चिल्लाने की आवाज सुनकर पास ही रह रहा एक नेपाली व्यक्ति और अन्य ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। लोगों की आहट पाकर भालू जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल नरम लाल को पीठ पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया और निजी वाहन से अस्पताल भर्ती कराया। वन विभाग से पिंजरा लगाने और मुआवजे की मांग घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में तुरंत पिंजरा लगाकर हमलावर भालू को पकड़ा जाए ताकि किसी अन्य अनहोनी को रोका जा सके। इसके साथ ही ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को इलाज व आर्थिक सहायता के लिए उचित मुआवजा देने की भी गुहार लगाई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *