सपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- युवाओं के साथ छल हुआ:भाजपा सरकार ने चंदा चोरी की, चुनावी तैयारियों का लिया जायजा




समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने मंगलवार को एटा जिले के जलेसर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘डबल इंजन’ सरकार ने युवाओं के साथ छल किया है और भगवान राम के नाम पर चढ़ावे में कथित अनियमितताएं हुई हैं। जलेसर के ब्रजभूमि गेस्ट हाउस में आयोजित सम्मेलन में सपा कार्यकर्ताओं ने श्यामलाल पाल का 51 किलो की फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। श्यामलाल पाल ने कहा कि यह सम्मेलन टिकट वितरण के लिए नहीं, बल्कि चुनावी तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि टिकट का दावेदार कोई भी हो सकता है, लेकिन प्रत्याशी एक ही होगा। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य पार्टी को चुनाव जिताना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के मजबूत होने से ही समाजवादी पार्टी और उसके कार्यकर्ता मजबूत होंगे।
पत्रकारों से बातचीत में श्यामलाल पाल ने आरोप लगाया कि सरकार ने पेपर लीक के कारण युवाओं को रोजगार से वंचित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य का नौजवान सरकार को माफ नहीं करेगा। साथ ही उन्होंने श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का भी आरोप लगाया। उन्होंने बिहार के सांसद पप्पू यादव पर हुए हमले को सामंतवादी मानसिकता का परिणाम बताया और कहा कि PDA से जुड़े नेताओं तथा महापुरुषों का अपमान करने की प्रवृत्ति नई नहीं है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह अब राजनीतिक व्यक्ति की तरह व्यवहार नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सरकार में राजभर मंत्री हैं, उसी सरकार में उनका समाज उपेक्षित है। पंचायत विभाग की जिम्मेदारी होने के बावजूद प्रदेश में पंचायत चुनाव नहीं कराए जा सके हैं। उन्होंने कहा कि यदि राजभर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं तो उन्हें नैतिक आधार पर मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। आगामी विधानसभा सत्र को लेकर श्यामलाल पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार, नीट (NEET) परीक्षा से जुड़े मुद्दों और अन्य जनहित के विषयों को सदन में मजबूती से उठाएगी। सम्मेलन में परवेज जुबैरी, भूपेंद्र प्रजापति, रणजीत सुमन, पूर्व विधायक बबलू प्रधान, महबूब-उर-रहमान, राजेंद्र शाक्य, राजन लाल जाटव, विजेंद्र नायक, सतीश दिवाकर, अर्जुन वाल्मीकि, सौरभ बघेल, मुकुट सिंह लोधी, हेम सिंह अहेरिया, बदन लोधी, बंदे हसन, धीरेंद्र, वीरेश यादव, भोली शर्मा, उत्तम पाल, कल्लू (जिला पंचायत सदस्य), धीरेंद्र सिंह यादव, राकेश यादव, सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अमित कुमार जोनी, सीमा जाटव, मुसर्रत अंसारी, मोहम्मद आज़मी, अरशद पठान, केशव यादव, अमित यादव, राजकुमार यादव, बंटी पठान, टीपू कुरैशी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *