Headlines

सुपौल में ट्रेन से गिरकर 40 वर्षीय मजदूर की मौत:थुमहा में रेलवे पुल के नीचे मिला शव, बाथरूम जाने के दौरान हादसा




सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा में ट्रेन से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। घटना थुमहा वार्ड नंबर-7 स्थित राम टोली से थुमहा बाजार जाने वाली सड़क पर रेलवे क्रॉसिंग पुल के पास हुई। मृतक की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के करहरवा निवासी सत्रुघन यादव के करीब 40 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र यादव के रूप में हुई है। देर रात रेलवे पुल के नीचे शव मिलने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार सुरेंद्र यादव प्रदेश में मजदूरी करने के बाद अपने भाइयों के साथ ट्रेन से घर लौट रहे थे। ट्रेन के सुपौल से आगे निकलने के बाद उन्होंने अपने भाई से बाथरूम जाने की बात कही और बोगी से बाहर निकल गए। इसी दौरान थुमहा रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे पुल के पास वह कथित रूप से ट्रेन से नीचे गिर गए। गिरने के दौरान पुल की रेलिंग से टकराने के बाद नीचे जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुल की रेलिंग पर मिला खून का निशान घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पिपरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान पुल की रेलिंग पर खून के निशान मिलने की बात सामने आई। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। त्रिवेणीगंज स्टेशन पर भाई करते रहे तलाश इधर, त्रिवेणीगंज स्टेशन पहुंचने के बाद सुरेंद्र के भाई उनकी तलाश करते रहे। काफी खोजबीन के बाद भी जब सुरेंद्र नहीं मिले तो परिजन परेशान हो गए। इसी दौरान उन्हें थुमहा के पास एक व्यक्ति के ट्रेन से गिरने की जानकारी मिली। परिजन मौके पर पहुंचे तो रेलवे पुल के नीचे शव मिला। पहचान सुरेंद्र यादव के रूप में होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *