![]()
सुपौल में मंगलवार देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार 3 युवक को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हो गए। घटना किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आसनपुर कुपहा स्थित कोसी टॉल प्लाजा-दुर्गा मंदिर के समीप NH-27 पर हुई। मृतक की पहचान निर्मली थाना क्षेत्र के मझारी गांव निवासी सरयुग पासवान के बेटे अरविंद पासवान के रूप में हुई है। अरविंद अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बेटों को छोड़ गए हैं। उनके बड़े बेटे की उम्र करीब पांच वर्ष, जबकि छोटे बेटे की उम्र डेढ़ वर्ष बताई गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाइक से घर लौटने के दौरान हादसा प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक पर सवार तीन युवक टोल प्लाजा की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मझारी गांव निवासी तेज नारायण राय के बेटे श्रवण राय(35) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, स्वर्गीय राज कुमार राय के बेटे सूरज राय(19) भी घायल हुए हैं। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद श्रवण राय की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि सूरज राय का इलाज जारी है। वाहन की पहचान में जुटी है पुलिस घटना की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी है। बुधवार सुबह किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
Source link
सुपौल में वाहन की टक्कर से युवक की मौत:घर लौटते समय हाइवे पर हादसा, 2 घायल
