![]()
हरदोई में दो अलग-अलग इलाकों में सांप निकलने से हड़कंप मच गया। कछौना में एक मोबाइल दुकान और कोथावां में एक घर के भीतर जहरीले सांप देखे गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर सर्प मित्र कुलदीप श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर दोनों सांपों को सुरक्षित पकड़ा। यह घटना सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे की है। पहला मामला कछौना इलाके का है। यहां शालू की मोबाइल दुकान पर ग्राहक मौजूद थे, तभी काउंटर के नीचे से सांप के फुफकारने की आवाज आने लगी। देखते ही देखते एक विशालकाय सांप फन फैलाकर खड़ा हो गया। यह नजारा देखकर ग्राहक और दुकान मालिक डर गए और दुकान तुरंत खाली हो गई। कछौना की घटना के कुछ ही देर बाद कोथावां इलाके में रानी चौरसिया के घर के भीतर एक और सांप निकल आया। घर के कोने में बैठे सांप को देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और वे घर से बाहर सड़क पर आ गए। दोनों ही स्थानों पर सांप निकलने के कारण दहशत का माहौल था और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। लोगों ने तत्काल सर्प मित्र कुलदीप श्रीवास्तव को सूचना दी। कुलदीप ने मौके पर पहुंचकर बिना किसी डर के, सावधानी और फुर्ती से दोनों सांपों को पकड़ लिया। सर्प मित्र के द्वारा सांपों को स्नेक बॉक्स में बंद करते ही लोगों ने राहत की सांस ली। कुलदीप ने पकड़े गए दोनों सांपों को आबादी से दूर ले जाकर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। कुलदीप के इस कार्य की स्थानीय लोग सराहना करते रहे।
Source link
हरदोई में दुकान और मकान में सांप निकलने से हड़कंप:सर्प मित्र ने दोनों को रेस्क्यू करके सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
