![]()
पंजाबी मॉडल और एक्ट्रेस हरमन बराड़ इन दिनों परमीश वर्मा के साथ अपने रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। ऑनलाइन ट्रोलिंग और आलोचनाओं के बीच हरमन ने अब चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने ट्रोल पेजों और मीम क्रिएटर्स को कड़ा जवाब देते हुए खुद को ‘घर तोड़ने वाली’ बताने वाले आरोपों को खारिज किया। हरमन ने स्पष्ट किया कि उनका रिश्ता पूरी तरह खुला और पारदर्शी रहा है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टनर को उन्होंने चुना, वह उनके रिश्ते में आने से पहले ही कानूनी रूप से अलग हो चुका था। हालांकि, उन्होंने किससे रिश्ता जोड़ा है, उसका नाम नहीं लिखा है। हरमन बराड़ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर कर अपनी सारी बात कही है। आइए, इसे जानते हैं। ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग का विरोध हरमन ने कहा कि बॉडी शेमिंग (शारीरिक बनावट का मज़ाक उड़ाना) और चरित्र पर हमले करने जैसी चीजें सिर्फ इसलिए सही नहीं हो जातीं, क्योंकि आप इन्हें ‘नैतिकता’ का नाम दे रहे हैं। भीड़ में मिलकर की गई क्रूरता कभी भी न्याय नहीं बन सकती। जिस पुरुष को चुना, उस पर गर्व हरमन ने स्पष्ट किया, “मुझे खुद पर गर्व है और मैंने जिस पुरुष को चुना है, मुझे उस पर भी गर्व है। मैं कभी किसी के साये में नहीं रही और न ही मैं किसी सीक्रेट अफेयर (गुपचुप रिश्ते) का हिस्सा रही हूं।” कानूनी रूप से अलग हो चुके हैं हरमन ने लिखा है कि हमारा रिश्ता पूरी तरह से खुलकर और सबके सामने रहा है। मैंने जिस पुरुष को चुना है, वह पहले से ही कानूनी रूप से अलग हो चुके थे। हर इंसान की तरह उन्हें भी अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने का पूरा हक है। इसी तरह उनकी पूर्व पार्टनर को भी अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने का पूरा अधिकार है। मीम पेजों और ट्रोलर्स को कानूनी चेतावनी अंत में उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए लिखा है, “सभी ट्रोल पेजों और मीम बनाने वालों के लिए अब आप लोग तैयार हो जाइए। आगे बढ़ने के लिए आपको गंभीर कानूनी मदद की जरूरत पड़ने वाली है। मुझे उम्मीद है कि आपके बनाए मीम्स इसके लायक थे। मेरे संयम को मेरी अज्ञानता समझने की भूल न करें।” अब जानिए यह विवाद कैसे शुरू हुआ था म्यूजिक वीडियो के बाद शुरू हुआ हरमन बराड़ और परमीश वर्मा ने एक साथ ‘देखी जा’ गाने में काम किया था। इसके बाद दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करने लगे। हाल ही में दोनों का एक करीबी वीडियो और कुछ तस्वीरें वायरल हुईं। इसके बाद उनके रिलेशनशिप की अफवाहें तेज हो गईं। परमीश वर्मा ने रिश्ते की पुष्टि की विवाद बढ़ने के बाद 6 सितंबर, 2026 को परमीश वर्मा ने सोशल मीडिया पर अपने रिश्ते को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने पुष्टि की कि उनकी पूर्व पत्नी गीत ग्रेवाल से उनका कानूनी रूप से तलाक हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि वह अब किसी के साथ रिश्ते में हैं। हरमन बराड़ ट्रोल क्यों हो रही हैं? परमीश वर्मा के तलाक की जानकारी सामने आने से पहले कई सोशल मीडिया यूजर्स को इसकी जानकारी नहीं थी। ऐसे में कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि परमीश ने अपनी पत्नी गीत ग्रेवाल को धोखा दिया और हरमन बराड़ की वजह से दोनों का रिश्ता खत्म हुआ। इसके बाद हरमन को ‘होमव्रेकर’ यानी घर तोड़ने वाली कहा जाने लगा। कुछ ट्रोलर्स ने कमेंट्स और मीम पेजों के जरिए हरमन बराड़ के चरित्र पर सवाल उठाए और उन्हें काफी भला-बुरा कहा। इसके साथ ही उन्हें ऑनलाइन बॉडी शेमिंग का भी सामना करना पड़ा।
Source link
हरमन का ट्रोलर्स को जवाब-होमव्रेकर नहीं हूं:जिस पुरुष को चुना वह कानूनी रूप से अलग हो चुका; परमीश वर्मा से अफेयर को लेकर तोड़ी चुप्पी
