Headlines

हांसी में रेडक्रॉस कार्यालय का शुभारंभ:विधायक भयाना ने किया उद्घाटन, रक्तदाताओं का सम्मान, उपकरण वितरित किए




हांसी में सोमवार को जिला रेडक्रॉस सोसायटी के नए कार्यालय का शुभारंभ किया गया। बीडीपीओ कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक विनोद भयाना ने कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीसी एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राहुल नरवाल ने की। इस अवसर पर रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया और दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग व विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। ‘रेडक्रॉस की जनकल्याणकारी गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी’ इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना ने कहा कि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी विश्व की अग्रणी मानवीय सेवा संस्थाओं में से एक है, जो बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाती है। उन्होंने बताया कि नए कार्यालय के शुरू होने से रेडक्रॉस की जनकल्याणकारी गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी, जिससे गरीब, असहाय, दिव्यांगजन, मरीजों और जरूरतमंद परिवारों तक सेवाएं अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेंगी। भयाना ने रेडक्रॉस की भूमिका को प्राकृतिक आपदाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, रक्तदान, राहत कार्यों और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में सदैव सराहनीय बताया। उन्होंने समाज के सक्षम नागरिकों से रेडक्रॉस के सेवा कार्यों से जुड़कर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया। रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया डीसी एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राहुल नरवाल ने रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया। उन्होंने रक्तदाताओं के मानवीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। राहुल नरवाल ने यह भी बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी भविष्य में भी नियमित रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, जनजागरूकता अभियान, दिव्यांगजन सहायता कार्यक्रम तथा विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों का संचालन करती रहेगी। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने के लिए रेडक्रॉस की गतिविधियों का निरंतर विस्तार किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *