![]()
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में चल रहे नीट पेपर लीक और शिक्षा सुधार आंदोलन को अब बॉलीवुड हस्तियों का बड़ा समर्थन मिल रहा है। सलमान खान, आलिया भट्ट और अनन्या पांडे के बाद अब करीना कपूर खान, कमल हासन, वरुण धवन, इमरान खान और पीयूष मिश्रा भी छात्रों के पक्ष में आ गए हैं। करीना कपूर ने कहा कि देश के युवाओं की मांग सुनना कोई अहसान नहीं, बल्कि हमारा फर्ज है। वहीं कमल हासन ने मौजूदा शिक्षा व्यवस्था को सड़ा हुआ बताया है। इमरान खान ने मुंबई में खुद सड़क पर उतरकर छात्रों के साथ प्रदर्शन किया। इमरान खान की प्रोटेस्ट में तस्वीरें करीना बोलीं- बच्चे कल की तैयारी नहीं कर रहे, वे ही कल हैं
करीना कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट शेयर किया है। उन्होंने लिखा, मैं पिछले कुछ दिनों से इस मुद्दे पर शांत थी, लेकिन अब चुप नहीं रह सकती। अपनी आवाज उठाने वाले युवाओं की अनदेखी करना नामुमकिन है और ऐसा होना भी नहीं चाहिए। शिक्षा से बच्चे को भरोसा और उम्मीद मिलती है। लेकिन शिक्षा तभी काम करती है जब बच्चों को इस पर विश्वास हो। अगर उन्हें लगेगा कि ईमानदारी, मेहनत और मेरिट का कोई मतलब नहीं है, तो उनका भरोसा उठ जाएगा। करीना ने आगे लिखा, “छात्रों को ऐसी व्यवस्था मिलनी चाहिए जिस पर वे भरोसा कर सकें। जब पूरी पीढ़ी अपने भविष्य के लिए एक आवाज में बोलती है, तो उन्हें सुनना अहसान नहीं, हमारा फर्ज है। हमारे बच्चे हमें देख रहे हैं। वे कल की तैयारी नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे ही हमारा कल हैं।” कमल हासन बोले- सिस्टम सड़ चुका
एक्टर और नेता कमल हासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देश के शिक्षा तंत्र पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, “जब एक बच्चा रोया था, तब हमें सुन लेना चाहिए था। हमने तब तक इंतजार किया जब तक कई बच्चों की मौत नहीं हो गई। एक ऐसा सिस्टम जहां सीखने की जगह कोचिंग ने ले ली है, उत्सुकता की जगह चिंता ने ले ली है और मेरिट की जगह अपराध ने ले ली है, वह सिस्टम पूरी तरह सड़ चुका है। जब बच्चों को जवाबों की जगह बैरिकेड्स और लाठियां मिलती हैं, तो देश नाकाम साबित होता है। कमल हासन ने 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का जिक्र करते हुए उनसे अपना अनशन खत्म करने की अपील भी की। उन्होंने देश के बच्चों से कहा कि आपने अपना फर्ज निभाया है, अब देश को आपके लिए अपना फर्ज निभाना होगा। मुंबई में प्रदर्शन में शामिल हुए इमरान खान
एक्टर इमरान खान बुधवार को नीट धांधली के खिलाफ मुंबई में आयोजित एक विरोध मार्च में खुद शामिल हुए। इससे पहले उन्होंने दिल्ली में ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान छात्रों पर हुए आंसू गैस और लाठीचार्ज पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने लिखा था, “जब मैंने देखा कि पुलिस छात्रों पर आंसू गैस और लाठीचार्ज कर रही है, तो मेरा दिल टूट गया। जिन छात्रों ने मेहनत की, उन्हें सिस्टम ने धोखा दिया और जब उन्होंने अपनी बात रखनी चाही तो उन्हें लाठियों से चुप करा दिया गया।” मुंबई मार्च के दौरान जब एक युवा कलाकार ने उनसे पूछा कि कई एक्टर्स राजनीति पर बोलने से बचते हैं, तो इमरान ने कहा, “सच्ची कला में कलाकार का अपना नजरिया होता है। अगर आप अपनी राय के साथ खड़े नहीं हो सकते और अपनी कला में दिल नहीं डाल सकते, तो उस कला की कोई कीमत नहीं है।” वरुण धवन बोले- राजनीतिक फायदे के लिए न हो इस्तेमाल एक्टर वरुण धवन ने भी इंस्टाग्राम पर छात्रों का समर्थन किया। वरुण ने लिखा, “छात्र देश का भविष्य हैं। जब किसी छात्र का सपना टूटता है, तो सिर्फ एक सपना नहीं, पूरे परिवार की उम्मीदें टूटती हैं। सिस्टम के फेल होने पर उन्हें सवाल पूछने का पूरा हक है। अधिकारियों को उनकी चिंताओं पर ध्यान देना चाहिए और पारदर्शी हल निकालना चाहिए। यह केवल छात्रों का आंदोलन रहना चाहिए और इस पर किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए।” पीयूष मिश्रा ने कहा- इंकलाब जिंदाबाद वहीं, सीनियर एक्टर और सिंगर पीयूष मिश्रा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए ‘इंकलाब जिंदाबाद’ का नारा दिया। पीयूष ने कहा, “जंतर-मंतर पर जो कुछ भी हुआ, वह बहुत दुखद था। मैं छात्रों के साथ हूं। पुलिस और बच्चों को चोट पहुंची, यह सब गलत था। अगर सरकार और प्रशासन पहले ही छात्रों की बात सुन लेता, तो यह स्थिति पैदा ही नहीं होती।”
Source link
करीना बोलीं- छात्रों की बात सुनना अहसान नहीं, हमारा फर्ज:कमल हासन बोले- सिस्टम सड़ चुका है; इमरान और वरुण समेत कई एक्टर्स समर्थन में उतरे
