![]()
बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा और औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत प्राप्त आवेदनों को बिना उचित कारण निरस्त न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदन में कोई कमी पाई जाती है, तो संबंधित बैंक आवेदक को उसकी जानकारी देकर उसे पूरा करने का अवसर प्रदान करे। बैठक में मेसर्स आकृति फूड्स के पार्टनर पंकज पांडेय ने ग्राम हरिहरपुर मौजा स्थित अपनी पोल्ट्री फीड फार्म तक जाने वाले मनरेगा निर्मित खड़ंजा मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता (निर्माण खंड) को सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मिनी औद्योगिक आस्थान बनरही में नालियों की सफाई और विद्युत आपूर्ति की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को उद्योगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने और किसी भी लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पूरे जनपद में दो शिफ्टों में सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी सफाई कर्मचारी निर्धारित ड्रेस में कार्य करें और उनके पास सफाई के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध हों। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट को प्रत्येक वार्ड में बायोमैट्रिक मशीन स्थापित कराने और सफाई कर्मचारियों की प्रतिदिन बायोमैट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, संबंधित विभागों के अधिकारी और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Source link
युवा स्वरोजगार आवेदन बिना वजह निरस्त न हो:बलिया डीएम ने कहा- उद्योगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करें अधिकारी
