Headlines

पप्पू यादव ने पुजारी बनकर किया चंदा चोरी का ‘नाटक’:राहुल ने दानपेटी में डाला चंदा, बिड़ला ने चेताया- यह सदन की मर्यादा के खिलाफ




आज लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों की कार्यवाही विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के कारण हंगामे की भेंट चढ़ गई। लोकसभा में राम मंदिर चंदे में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाने के लिए विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पुजारी वेश में पहुंचे और कथित चंदा चोरी को लेकर प्रतीकात्मक नाटकीय विरोध जताया। इस दौरान राहुल गांधी भी प्रदर्शन में शामिल हुए और दान पेटी में पैसे डालने की कोशिश की। विपक्ष के इस प्रदर्शन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सदन में अलग-अलग वेश-भूषा में आने वाले सांसदों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सदन की मर्यादा बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है। राम मंदिर चंदे पर संसद परिसर में ‘नाटक’ शुक्रवार को संसद परिसर में विपक्ष ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और कथित चंदा चोरी को लेकर प्रदर्शन किया। पप्पू यादव ने भगवा कपड़े पहनकर मंदिर के पुजारी का रूप धारण किया और एक प्रतीकात्मक ‘चंदा चोरी’ का प्रदर्शन किया। राहुल गांधी इस प्रदर्शन में पहुंचे और दान पेटी में पैसे डालने की कोशिश करते नजर आए। इस प्रदर्शन के जरिए विपक्ष ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी का मुद्दा उठाने की कोशिश की। बिड़ला ने सांसदों को चेताया लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई। विपक्षी सांसद प्रश्नकाल के दौरान भी विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध कर रहे थे। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सदस्यों से सदन की कार्यवाही बाधित नहीं करने को कहा। बिड़ला ने कहा कि प्रश्नकाल में नियोजित तरीके से व्यवधान पैदा करना उचित नहीं है। सदन में तख्तियां और बैनर लेकर आने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई और इसे संसदीय मर्यादा के अनुरूप नहीं बताया। पप्पू यादव के भगवा वेश में संसद पहुंचने और प्रदर्शन के संदर्भ में भी अध्यक्ष ने अलग-अलग वेशभूषा में आने वाले सदस्यों को चेतावनी दी। चंदा चोरी की तख्तियों के बीच बिल पास हंगामे और लगातार समझाइश के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर पीठासीन अधिकारी दिलीप सैकिया ने सदस्यों से दस्तावेज सदन के पटल पर रखने को कहा। विपक्ष का विरोध हालांकि जारी रहा। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजकर 6 मिनट पर पंजीकरण जन्म और मृत्यु (संशोधन) विधेयक, 2026 लोकसभा में पारित कर दिया गया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर बिल पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कांग्रेस और विपक्षी सांसदों से विधेयक पर चर्चा में शामिल होने की बार-बार अपील की गई, क्योंकि यह महत्वपूर्ण विधेयक है। रिजिजू के बोलने के दौरान विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर चंदे से जुड़ी तख्तियां लहराईं और नारेबाजी की। लगातार हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही 3 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा में भी नारेबाजी राज्यसभा की कार्यवाही भी शुक्रवार सुबह 11 बजे शुरू हुई। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने शून्यकाल की घोषणा की, लेकिन विपक्षी सांसद विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी करने लगे। विपक्ष की ओर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई समेत कई मुद्दे उठाए गए। हंगामे के बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष के रवैये पर नाराजगी जाहिर की और सदन में व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। विपक्षी सांसदों की नारेबाजी जारी रहने के कारण राज्यसभा की कार्यवाही भी ज्यादा देर नहीं चल सकी और करीब 11 बजकर 21 मिनट पर सदन को 3 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। वीडियो देखने के लिए ऊपर थंबनेल पर क्लिक करें…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *