![]()
कोरबा जिले के कटघोरा नगर पालिका परिषद में बने अटल परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में हुई वित्तीय अनियमितता के मामले में सब इंजीनियर चंद्र प्रकाश जायसवाल को निलंबित कर दिया है। विभाग की ओर से निलंबन आदेश जारी किया गया है। मामला अटल परिसर में स्थापित प्रतिमा की गुणवत्ता को लेकर सामने आया था। आरोप है कि परिसर में ब्रॉन्ज धातु की प्रतिमा लगाने का प्रावधान था, लेकिन उसकी जगह सीमेंट की प्रतिमा लगा दी गई। बारिश के बाद प्रतिमा का पेंट उखड़ने लगा, जिसके बाद प्रतिमा निर्माण में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में प्रतिमा की गुणवत्ता, फिनिशिंग और इस्तेमाल की गई सामग्री में कई कमियां पाई गईं। इस निर्माण कार्य में करीब 13.60 लाख रुपए खर्च होने की जानकारी सामने आई है। भाजपा ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कलेक्टर को शिकायत देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्रॉन्ज प्रतिमा के नाम पर भुगतान किया गया, लेकिन मौके पर घटिया सामग्री से बनी प्रतिमा स्थापित की गई। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े टेंडर, भुगतान दस्तावेज, बिल, वाउचर और माप पुस्तिका की जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, ठेकेदार और अन्य जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने भी सरकार को घेरा इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और विधायक देवेंद्र यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकास सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ कटघोरा नगर पालिका कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और सीएमओ को हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। जांच के लिए भेजे गए प्रतिमा के सैंपल नगरीय प्रशासन विभाग के कार्यपालन अभियंता अली बक्श ने भी प्रतिमा में खामी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रतिमा सही स्थिति में नहीं मिली है। प्रतिमा के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों में भी इस मामले को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि अटल परिसर जैसे सम्मान से जुड़े स्थल में घटिया निर्माण होना गंभीर मामला है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
Source link
कटघोरा अटल परिसर में प्रतिमा निर्माण में घोटाला, सब-इंजीनियर सस्पेंड:ब्रॉन्ज की जगह सीमेंट से बनाई गई मूर्ति, CMO को बर्खास्त करने की मांग
