Headlines

जैसलमेर में आज भी बारिश का येलो अलर्ट:गोगड़ी नदी पूरे वेग से बही, देवीकोट में सबसे ज्यादा 20 मिमी बारिश




जैसलमेर में लगातार तीसरे दिन हुई बारिश से गोगड़ी नदी पूरे वेग से बहने लगी और जिले के कई बरसाती नदियों, नालों व पारंपरिक जलस्रोतों में पानी भर गया। रविवार को सबसे ज्यादा 20 मिमी बारिश देवीकोट में दर्ज की गई, जबकि सांकड़ा और पोकरण में 12-12 मिमी, रामगढ़ में 10 मिमी और जैसलमेर शहर में 7 मिमी बारिश हुई। अच्छी बारिश से खरीफ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है और तापमान में 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए जिले में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, हालांकि इसके बाद एक सप्ताह तक बारिश की संभावना कम जताई गई है। देवीकोट में सबसे ज्यादा बारिश, गोगड़ी नदी पहली बार पूरे वेग से बही रविवार को जिले में सबसे ज्यादा 20 मिमी बारिश देवीकोट में दर्ज की गई। इसके अलावा सांकड़ा और पोकरण में 12-12 मिमी, रामगढ़ में 10 मिमी और जैसलमेर शहर में 7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस मानसून सीजन में पहली बार चांधन क्षेत्र की बरसाती गोगड़ी नदी पूरे वेग के साथ बही। जिले के कई अन्य गांवों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश से खेतों में लौटी रौनक, खरीफ फसलों को मिला जीवनदान मरुस्थलीय जिले में किसी नदी का बहना अपने आप में बड़ी और सुखद खबर माना जाता है। बारिश के बाद गोगड़ी नदी में अचानक तेज बहाव आया, हालांकि यह बरसाती नदी होने के कारण कुछ घंटों बाद जलस्तर धीरे-धीरे कम हो गया। अच्छी बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे बुवाई के काम में तेजी आने की उम्मीद है। ग्वार, बाजरा और मूंग जैसी खरीफ फसलों के लिए यह बारिश अमृत समान मानी जा रही है। जिन किसानों ने पहले ही बुवाई कर दी थी, उनकी फसलों को भी बड़ा फायदा मिला है। वहीं पशुपालकों को भी पानी और चारे की उपलब्धता से राहत मिलने की उम्मीद है। 5 डिग्री गिरा तापमान, लोगों ने मौसम का उठाया आनंद लगातार बारिश के कारण जैसलमेर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। पिछले कई दिनों से उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। अधिकतम तापमान करीब 5 डिग्री गिरकर 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को छुट्टी होने के कारण लोगों ने गड़ीसर सरोवर और शहर के आसपास के पिकनिक स्पॉट पर पहुंचकर सुहाने मौसम का आनंद लिया। औसत से काफी कम बारिश, एक हफ्ते बाद बढ़ सकती है चिंता जिले में अब तक केवल 65 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य औसत वर्षा 165 मिमी है। यानी अब तक औसत से काफी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बारिश का येलो अलर्ट रहेगा, लेकिन इसके बाद लगातार एक सप्ताह तक गर्मी का असर रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में अगर आने वाले दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो जिले में सूखे जैसे हालात बनने की आशंका बढ़ सकती है। पिछले साल जिले में 220 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी, जबकि इस बार अब तक बारिश का आंकड़ा काफी पीछे है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *