![]()
रायपुर में पुलिस ने एक ट्रक में भारी मशीनों के बीच छिपाकर रखे 191.525 kg गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे, ट्रक और बाकी सामग्रियों की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में बाप-बेटे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त रूप से लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम सर्विस रोड पर नाकेबंदी कर अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। आरोपी ओडिशा से नागपुर गांजा की खेप लेकर जा रहे थे। अब पढ़िए क्या है पूरा मामला पुलिस के मुताबिक, पुलिस को 4 अगस्त को सूचना मिली थी कि मंदिर हसौद की ओर से रायपुर आ रहे अशोक लीलैंड ट्रक में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर नाकेबंदी की गई। संदिग्ध ट्रक को रोककर जब तलाशी ली गई तो शुरुआत में कुछ नहीं मिला, क्योंकि ट्रक में भारी मशीनरी लोड थी। लेकिन जांच में मशीनों के नीचे और बीच में छिपाकर रखी गई 7 बोरियों से 191.525 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मूल निवासी बिहार और वर्तमान निवासी पश्चिम बंगाल के आरोपी मोहम्मद लाल (36) और उसके बेटे मोहम्मद रूस्तम (19) को गिरफ्तार किया है। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय की आड़ में गांजे की तस्करी पूछताछ में सामने आया कि, मोहम्मद लाल पिछले 25 वर्षों से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा है। इसी की आड़ में ओडिशा से नागपुर तक गांजे की तस्करी करता था। इस नेटवर्क पर पिछले एक महीने से तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए नजर रखी जा रही थी। आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है। 5.22 करोड़ का गांजा पकड़ चुकी पुलिस रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट अब तक एनडीपीएस एक्ट के 62 मामलों में 152 आरोपियों को गिरफ्तार कर 5.22 करोड़ रुपए से अधिक के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त कर चुकी है।
Source link
रायपुर में गांजा समेत 1.20 करोड़ का मशरुका जब्त:मशीनों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे करीब 2 क्विंटल गांजा, बाप–बेटे गिरफ्तार
