![]()
अमेठी पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने शनिवार दोपहर एक बजे’ऑपरेशन प्रॉसिक्यूशन लुटेरे’ पर एक गोष्ठी की। गौरीगंज स्थित पुलिस कार्यालय सभागार में हुई इस बैठक में उन्होंने 10 साल से संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त चिन्हित 10 अभ्यस्त लुटेरों के खिलाफ सख्त पैरवी के निर्देश दिए। ‘ऑपरेशन प्रॉसिक्यूशन लुटेरे’ का उद्देश्य अपराधियों को कठोर सजा दिलाना है। इस अभियान के तहत जनपद में पिछले 10 वर्षों से संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल 10 चिन्हित अभ्यस्त लुटेरों के विरुद्ध न्यायालय में प्रभावी पैरवी की जा रही है। गोष्ठी में जनपद के सभी थानों के न्यायालय पैरोकार, नोडल उप निरीक्षक और मॉनीटरिंग सेल के कर्मी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत हत्या, डकैती, लूट, दुष्कर्म, गैंगस्टर और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराधों को चिन्हित कर उनकी कोर्ट में मजबूत पैरवी करने पर जोर दिया। एसपी सरवणन टी. ने सभी पैरोकारों को निर्देश दिए कि अभियोगों से जुड़े गवाहों के समन समय पर जारी किए जाएं और न्यायालय में उनकी उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पैरवी रजिस्टर और अन्य अभिलेखों को अद्यावधिक रखने के भी निर्देश दिए। मॉनीटरिंग सेल प्रभारी को विशेष निर्देश दिए गए कि वे अभियोगों में साक्षियों की कोर्ट में उपस्थिति का नियमित पर्यवेक्षण करें और किसी भी विलंब की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। एसपी ने दोहराया कि गुणवत्तापूर्ण पैरवी से ही अपराध नियंत्रण संभव है और आमजन में कानून का भय कायम होगा।
Source link
अमेठी में लुटेरों के खिलाफ होगी सख्त पैरवी:एसपी ने बैठक की, ऑपरेशन प्रॉसिक्यूशन लुटेरे से मिलेगी सजा
