![]()
जयपुर के जोबनेर में हुए निजी स्कूल बस हादसे के बाद प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़ा कदम उठाया है। उपखंड प्रशासन ने क्षेत्र में चल रही सभी निजी स्कूलों की बाल वाहिनियों और बसों की फिटनेस जांच के लिए विशेष कमेटी बनाई है। जोबनेर तहसीलदार को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है, वहीं कमेटी दो दिन में जांच रिपोर्ट सौंपेगी। प्रशासन का कहना है कि जांच केवल औपचारिकता नहीं होगी। लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जोबनेर एसडीएम नेहा राठी ने बताया कि हालिया हादसे के बाद आमजन में बढ़ते आक्रोश और बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उल्लेखनीय है कि 8 अगस्त को हुए स्कूल बस हादसे में करीब 19 स्टूडेंट घायल हुए थे। एक छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। गौरतलब है कि दैनिक भास्कर डिजिटल ने हादसे के बाद “स्कूल बस हादसे में घायल छात्रा की मौत के बाद हंगामा: ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया, स्कूलों की गाड़ियां रोकी, 42 सीटर बस में मिले 98 बच्चे” शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच कराने का फैसला किया। तहसीलदार की अगुवाई में करेगी जांच कमेटी प्रशासन द्वारा गठित कमेटी की अध्यक्षता तहसीलदार जोबनेर करेंगे। समिति में विकास अधिकारी पंचायत समिति जोबनेर, थाना प्रभारी जोबनेर, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, नगरपालिका जोबनेर के अधिशाषी अधिकारी तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को सदस्य बनाया गया है। दो दिन में रिपोर्ट, लापरवाही पर होगी कार्रवाई प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच केवल औपचारिकता नहीं होगी। कमेटी को दो दिन के भीतर समेकित रिपोर्ट के साथ स्पष्ट अनुशंसाएं प्रस्तुत करनी होंगी। यदि जांच में किसी स्कूल बस या संचालक की लापरवाही, नियमों की अनदेखी या ओवरलोडिंग सामने आती है तो संबंधित स्कूल और बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता प्रशासन का कहना है कि स्कूल बसों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही सीधे मासूम बच्चों की जान को खतरे में डाल सकती है। ऐसे में यह विशेष जांच अभियान भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और सुरक्षित स्कूली परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। ———– ये खबर भी पढ़िए… स्कूल बस से टकराई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, 18 बच्चे घायल:बस के अंदर फंसे बच्चों को लोगों ने निकाला; 8 स्टूडेंट गंभीर हालत में जयपुर रेफर जयपुर जिले में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कूल बस से टकरा गई। बस पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 18 स्टूडेंट घायल हो गए। 2 बच्चों के सिर में चोट आई है, जबकि 3 बच्चों के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। एक बच्चे के हाथ में चोट आई है। (पढ़िए पूरी खबर) …………….. स्कूल-बस हादसे में घायल छात्रा की मौत के बाद हंगामा:ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया, स्कूलों की गाड़ियां रोकी, 42 सीटर बस में मिले 98 बच्चे जयपुर जिले के जोबनेर में दो दिन पहले हुए स्कूल बस हादसे में घायल छात्रा की मौत हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण भड़क गए। लोगों ने निजी स्कूलों की 4 बसों को रोककर जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। (पढ़िए पूरी खबर)
Source link
दैनिक भास्कर डिजिटल की खबर के बाद एक्शन में प्रशासन:जोबनेर में स्कूल बसों की जांच के लिए बनाई कमेटी; प्रशासन ने कहा-जांच औपचारिकता नहीं होगी
