![]()
गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने परसपुर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) अनुराग शुक्ला का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई आज बुधवार दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक से बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर की गई। जिलाधिकारी ने ईओ को कारण बताओ नोटिस भी जारी करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों में अधिकारियों की उपस्थिति को अनिवार्य बताया और कहा कि बिना सूचना अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। बैठक में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, नगरीय झील, तालाब एवं पोखरा, अन्त्येष्टि स्थल, सामुदायिक शौचालय, वंदन योजना, आकांक्षी योजना, अवस्थापना निधि, 15वें वित्त आयोग और नगरीय गौशाला सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं और विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद के नगर निकायों में संचालित विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विकास कार्य शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद की तस्वीरें अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखी जाएं। इन तस्वीरों को पीपीटी और मीटिंग बुकलेट में प्रस्तुत किया जाए, ताकि कार्य की वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता का सत्यापन हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट अद्यतन रखते हुए प्रत्येक कार्य की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करें। नगर निकायों में संचालित जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और स्वीकृत परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, अपर उपजिलाधिकारी सविता शुक्ला, अपर उपजिलाधिकारी विनीत कुमार, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका गोंडा संतराम, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका करनैलगंज, अधिशासी अधिकारी खरगूपुर, तरबगंज, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मुजेहना सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Source link
गोंडा डीएम ने परसपुर नगर पंचायत ईओ का वेतन रोका:बैठक से अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई; योजनाओं में गुणवत्ता के निर्देश
