![]()
हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के कुठार बीत में जिला स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर ऊना जिले में पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने घोषणा की कि ऊना जिले में वर्ष 2026-27 तक लगभग 2 लाख पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव रखता है।अग्निहोत्री ने जोर दिया कि पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की पेड़ बनने तक देखभाल सुनिश्चित करना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने ऊना जिले में 2026-27 के दौरान 103 हेक्टेयर नए क्षेत्र में पौधारोपण का लक्ष्य रखा है। विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 2 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इनमें नए पौधारोपण के तहत 12 हजार, राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत 17 हजार, पुराने पौधारोपण क्षेत्रों के रखरखाव के तहत 16 हजार, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 60 हजार और बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रतिपूरक वनीकरण के तहत 72 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 80 हजार पौधे शामिल हैं। वनीकरण के तहत कुल 2,18,350 पौधे लगाए जाएंगे इस परियोजना के बदले 198.5 हेक्टेयर भूमि पर प्रतिपूरक वनीकरण के तहत कुल 2,18,350 पौधे लगाए जाएंगे। इनमें से 72 हेक्टेयर वन भूमि पर वर्ष 2026-27 के दौरान पौधारोपण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, कुठार बीत क्षेत्र में 126.5 हेक्टेयर भूमि पर उद्योग विभाग के सहयोग से ग्रीन बेल्ट विकसित करने का कार्य भी प्रगति पर है। यह 10 करोड़ रुपये की राशि पूरे क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने और वन संरक्षण में सहायक होगी। हर साल कम से कम एक पौधा लगाएं मुकेश अग्निहोत्री ने लोगों से हर साल कम से कम एक पौधा लगाने और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास खाली भूमि उपलब्ध है, वन विभाग उनकी भूमि पर पौधे लगाने में सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है, जितना पौधा लगाना। वन अपराधों पर लगाम लगाने की तैयारी मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वन अपराधों पर लगाम लगाने के लिए हिमाचल सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से वन संरक्षण के इस अभियान में सरकार और वन विभाग का सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम के आह्वान पर अधिकारियों और लोगों ने भी अमरूद, आंवला, कचनार, हरड़ और बेहड़ा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को पौधे वितरित भी किए गए।
Source link
ऊना में वन महोत्सव शुरू, लगेंगे 2 लाख पौधे:डिप्टी CM अग्निहोत्री ने किया शुभारंभ; कहा-पौधों की देखभाल सामूहिक जिम्मेदारी
