![]()
मोगा में संयुक्त कर्मचारी मंच और कर्मचारी-पेंशनर्स संयुक्त फ्रंट की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक शहीद कामरेड नछत्तर सिंह धालीवाल भवन में हुई। बैठक में 27 अगस्त को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ होने वाली बातचीत और कर्मचारियों-पेंशनरों की मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक के बाद कर्मचारी-पेंशनर्स नेताओं का प्रतिनिधिमंडल डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया और एसएसपी सर्ज सिंह के आह्वान पर डीसी कार्यालय पहुंचा। इस दौरान एडीसी जसपिंदर सिंह भी मौजूद रहे। नेताओं ने जिले के सरकारी संस्थानों में पूर्ण बंद और डीसी कार्यालय के सामने प्रस्तावित रैली को लेकर भी चर्चा की। भजन सिंह ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की प्रदेश कन्वीनर भजन सिंह गिल ने पेंशन संशोधन के लिए 2.59 के गुणांक की मांग रखी। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2016 से पहले सेवानिवृत्त पेंशनरों की पेंशन 2.4495 के गुणांक से संशोधित की गई, जो उनके अनुसार अन्यायपूर्ण है। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की भी मांग की। शिक्षक नेता दिग्विजय शर्मा ने वेतनमान, समाप्त किए गए 37 भत्तों और प्रोबेशन अवधि से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने 2020 के बाद भर्ती कर्मचारियों पर केंद्रीय वेतनमान लागू करने का भी विरोध किया। जगदीश सिंह चहल ने डीए संबंधी हाईकोर्ट के फैसले को लागू करने की मांग की। उन्होंने ठेका और आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय का मुद्दा भी उठाया। डीसी मोगा ने कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का भरोसा दिया। नेताओं ने बताया कि 27 अगस्त को सुबह 11 बजे डीसी कार्यालय के सामने विशाल रैली की जाएगी।
Source link
मोगा में कर्मचारी-पेंशनर्स की बैठक:27 अगस्त को पूर्ण हड़ताल का ऐलान, डीसी कार्यालय के सामने सुबह 11 बजे होगी विशाल रैली
