Headlines

मंदसौर स्टेशन पर रैंप-लिफ्ट अधूरे, सीढ़ियों से जा रहे यात्री:कांग्रेस ने वैकल्पिक गेट खोलने और कुलियों की स्थायी व्यवस्था की मांग की




मंदसौर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर-2 से ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। प्लेटफॉर्म-2 तक पहुंचने के लिए फुट ओवरब्रिज बन चुका है, लेकिन रैंप और लिफ्ट का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में बुजुर्ग, दिव्यांग, बीमार, व्हीलचेयर पर निर्भर और गर्भवती महिलाओं को सीढ़ियां चढ़कर प्लेटफॉर्म तक पहुंचना पड़ रहा है। यात्रियों की इन समस्याओं को लेकर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को स्टेशन पहुंचकर स्टेशन अधीक्षक को रतलाम डीआरएम के नाम ज्ञापन सौंपा। रैंप-लिफ्ट का काम पूरा होने तक वैकल्पिक गेट की मांग ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इष्टा भाचावत की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के जरिए यात्रियों को हो रही असुविधाओं को दूर करने की मांग की। कांग्रेस ने बताया कि नीमच-रतलाम रेल लाइन के दोहरीकरण के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-2 से कई यात्री ट्रेनें चल रही हैं। फुट ओवरब्रिज तो बन गया है, लेकिन रैंप और लिफ्ट का काम अधूरा होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। कांग्रेस ने मांग की कि रैंप और लिफ्ट का काम पूरा होने तक प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहले से मौजूद अस्थायी गेट को दोबारा खोला जाए या नया वैकल्पिक गेट बनाया जाए। इससे यात्रियों को फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियां चढ़ने से राहत मिलेगी। इसके साथ ही स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में कुलियों की स्थायी व्यवस्था करने की मांग भी की गई। स्टेशन के बाहर एक गेट खुला, जाम की समस्या कांग्रेस नेताओं ने स्टेशन के बाहर ट्रैफिक व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि स्टेशन के बाहर दो गेट होने के बावजूद फिलहाल सिर्फ एक गेट खुला है। ट्रेनों के आने-जाने के समय यात्रियों और वाहनों की भीड़ बढ़ने से जाम की स्थिति बन जाती है। इसलिए एंट्री और एग्जिट के लिए दोनों गेट दोबारा शुरू करने की मांग की गई। बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को ज्यादा परेशानी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इष्टा भाचावत ने कहा कि प्लेटफॉर्म नंबर-2 तक जाने के लिए सिर्फ फुट ओवरब्रिज बनाया गया है। सीढ़ियों के साथ रैंप और लिफ्ट की सुविधा नहीं है। इससे बुजुर्ग, व्हीलचेयर पर चलने वाले, बीमार और गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि जब तक रैंप या लिफ्ट का निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक प्लेटफॉर्म-2 पर प्रवेश के लिए वैकल्पिक गेट शुरू किया जाना चाहिए। साथ ही पर्याप्त कुलियों की व्यवस्था और स्टेशन के बाहर दूसरा गेट भी चालू किया जाना चाहिए। ज्ञापन डीआरएम को भेजा जाएगा स्टेशन प्रबंधक दिनेश सिसोदिया ने बताया कि यात्रियों से जुड़ी यह समस्या पहले से प्रशासन के संज्ञान में है। कांग्रेस की ओर से दिया गया ज्ञापन रतलाम डीआरएम को फॉरवर्ड किया जाएगा। यात्रियों को हो रही समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *