Headlines

पलामू में पिकअप ने बुजुर्ग को 80 फीट घसीटा:मौके पर ही हो गई मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क, ब्रेकर लगाने और मुआवजे की रखी मांग




पलामू के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 60 वर्षीय किसान शंभू राम की मौत हो गई। सबनवा मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शंभू राम पिकअप की चपेट में आ गए और वाहन उन्हें करीब 80 फीट तक घसीटता ले गया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। शंभू राम मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के डाली गांव के रहने वाले थे और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया गया कि रविवार सुबह वह किसी काम से स्कूटी से डाली गांव से रसूलपुर जा रहे थे। गांव से निकलकर मुख्य सड़क पर पहुंचते ही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की जगह उनके घर से करीब दो किलोमीटर दूर बताई जा रही है। हादसे के बाद सड़क जाम, दोनों ओर वाहनों की कतार घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। बुजुर्ग की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मोहम्मदगंज-जपला मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई और लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने सड़क पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीण मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने, हादसे के लिए जिम्मेदार पिकअप वाहन की पहचान कर चालक को पकड़ने की मांग रखी। वहीं सबनवा मोड़ समेत दुर्घटना संभावित स्थानों पर ब्रेकर बनाने की मांग की। उनका कहना है कि सड़क पर ब्रेकर बनने से वाहनों की रफ्तार नियंत्रित होगी और भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सकेगा। पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद हादसे और सड़क जाम की सूचना मिलने पर मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हैदरनगर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मोहम्मदगंज के अंचल अधिकारी रणबीर कुमार भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाकर सड़क से जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने फरार पिकअप चालक और वाहन की पहचान के लिए जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। हादसे के बाद डाली गांव में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने और सड़क सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *