![]()
गुरुग्राम जिले के सोहना खंड में ग्राम पंचायतों के सरपंचों और पंचायती राज विभाग के उपमंडल अधिकारी (SDO) जाहिद हुसैन के बीच विवाद सामने आ गया है। सोहना ब्लॉक के कई गांवों के सरपंचों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को शिकायत भेजी है। इसमें SDO जाहिद हुसैन का तुरंत तबादला करने की मांग की गई है। सरपंचों ने अधिकारी पर विकास कार्यों में गैरजरूरी दखल देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन पर अपनी पसंद के ठेकेदारों से काम कराने का दबाव बनाने का आरोप भी है। इसके अलावा, विकास कार्यों के बिलों पर आपत्तियां लगाकर भुगतान में रुकावट डालने की बात भी कही गई है। अधिकारी लगातार कामों में दखल दे रहे सरपंचों ने शिकायत में कहा कि ग्राम पंचायतों को अपनी जरूरत के हिसाब से विकास कार्य कराने का अधिकार है, लेकिन अधिकारी लगातार इन कामों में दखल दे रहे हैं। सरपंचों का आरोप है कि उन पर पसंदीदा ठेकेदारों से काम कराने और तय सामान खरीदने का दबाव बनाया जाता है। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि जब वे यह दबाव नहीं मानते, तो विकास कार्यों के बिलों में अलग-अलग आपत्तियां लगाकर भुगतान रोक दिया जाता है। भुगतान में देरी से पंचायतों को दिक्कत सरपंचों के मुताबिक, विकास कार्यों के भुगतान में देरी से पंचायतों को दिक्कत हो रही है। उनका कहना है कि बिलों पर आपत्ति लगने से कई कामों का भुगतान रुक जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में दखल देने की मांग की है। सरपंचों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की है। SDO ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया वहीं, SDO जाहिद हुसैन ने सरपंचों के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि वे विभाग के नियमों के हिसाब से अपने काम कर रहे हैं। जाहिद हुसैन के मुताबिक, कुछ सरपंच उन पर ऐसे काम कराने का दबाव बनाते हैं जो नियमों के हिसाब से नहीं हैं। जब वे नियम विरुद्ध काम करने से मना करते हैं, तो उनके खिलाफ ऐसे आरोप लगाए जाते हैं।
Source link
सोहना में सरपंचों और SDO के बीच टकराव:CM सैनी से अधिकारी के तबादले की मांग; पसंदीदा ठेकेदारों से काम कराने का दबाव
