![]()
झारखंड के चतरा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हजारीबाग एसीबी की टीम ने सदर अंचल के एक राजस्व कर्मचारी को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से प्रखंड और अंचल कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। हजारीबाग एसीबी के एसपी आरिफ इकराम ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गिद्धौर थाना क्षेत्र के नया खाप निवासी तुलसी यादव ने एसीबी को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि सदर अंचल के हल्का नंबर-7 (दारियातू और लेम पंचायत) में तैनात राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद जमीन के म्यूटेशन यानी दाखिल-खारिज के लिए 30 हजार रुपए रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का गोपनीय तरीके से सत्यापन किया। सत्यापन में घूस मांगे जाने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया और सतीश प्रसाद को 15 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। मामले की पुष्टि होने के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक फुलप्रूफ जाल बिछाया। मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन में शिकायतकर्ता तुलसी यादव रिश्वत की पहली किस्त लेकर पहुंचे। जैसे ही राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद ने पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये अपने हाथों में लिए, सादे लिबास में पहले से मुस्तैद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरातफरी मच गई। गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी की टीम ने आरोपी कर्मचारी के कार्यालय में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों को भी सघनता से खंगाला। आवश्यक कागजी प्रक्रिया और जांच पूरी करने के बाद एसीबी की टीम आरोपी सतीश प्रसाद को अपने साथ हजारीबाग ले गई है, जहां उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जाएगा। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की इस त्वरित कार्रवाई की खूब चर्चा हो रही है।
Source link
चतरा में राजस्व कर्मचारी 15 हजार घूस लेते गिरफ्तार:जमीन म्यूटेशन के नाम पर एसीबी ने रंगे हाथ पकड़ा, कार्यालय में मचा हड़कंप
