![]()
धौलपुर जिले में निकाय चुनाव के बाद नगर निकायों के अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक स्थिति साफ होने लगी है। बसेड़ी नगरपालिका में भाजपा के राघवेंद्र सिंह का अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।
दोपहर 3 बजे तक अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ राघवेंद्र सिंह ने भाजपा के सिंबल पर नामांकन दाखिल किया। 18 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच के बाद उनके निर्विरोध निर्वाचन का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। बसेड़ी नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं। हाल ही में हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को 8-8 वार्डों में जीत मिली थी, जबकि 9 निर्दलीय प्रत्याशी जीते थे। किसी भी दल को साफ बहुमत नहीं मिलने के बावजूद भाजपा ने निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बना ली है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्षदों के तालमेल से यह सफलता मिली है। धौलपुर नगरपरिषद के सभापति पद के लिए 8 लोगों ने नामांकन दाखिल किए हैं। इनमें सत्यदेव कंसाना, सीमा शर्मा, शराफत अली, निशांत, गिरीश गर्ग, सुभाष शर्मा, कमलजीत और नरेंद्र शामिल हैं। यहां कई दावेदार सामने आने से राजनीतिक समीकरणों पर चर्चाएं तेज हैं। जिले की 5 अन्य पालिकाओं में भी अध्यक्ष पद के लिए दावेदार मैदान में हैं। यहां भी अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जिले में इन 6 निकायों में अध्यक्ष पद का चुनाव 21 सितंबर को होगा। पार्षद ही अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों ने अपने-अपने जीते हुए पार्षदों को बाड़ेबंदी में रखा है। ऐसे में कई निकायों में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम हो सकती है।
Source link
बसेड़ी में भाजपा के राघवेंद्र सिंह का निर्विरोध निर्वाचन तय:धौलपुर के 6 निकायों में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन, 21 को चुनाव
